- भाइयों को तिलक लगा दिया गोला-मिठाई
- भाइयों ने भी भेंट किए अपनी बहनों को उपहार
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नगर क्षेत्र में भैया दूज का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने जहां भाईयों को तिलक लगाकर उनके सुखद जीवन के लिए मंगल कामनाएं की, वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंट किए।
भाई बहन के आपसी प्रेम एवं सद्भाव के प्रतीक भैया-दूज के त्यौहार पर बहनों ने सुबह के समय घर की बुजुर्ग महिलाओं से कहानी सुनी। इसके बाद उन्होंने अपने भाईयों के माथे पर तिलक लगाकर ईश्वर से उनकी दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामनाएं की। उधर भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंट किए।
भैया दूज पर्व पर सड़कों पर काफी भीड़ दिखायी दी। कोरोना महामारी के दौर में काफी लोग जहां मास्क लगाए दिखायी दिए, वहीं ऐसे लोग भी भीड़ में शामिल रहे जिन्होंने मास्क लगाना उचित नहीं समझा। साथ ही त्यौहारों के दिनों में बाजारों में भीड़ बनी रही। जिससे सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन होता दिखायी नहीं दिया।

