जनवाणी संवाददाता |
धामपुर: बाइक सवार बदमाशों ने मिठाई की दुकान बंद कर घर आ रहे बाइक सवार व्यापारी के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। लेकिन पीछे से आ आये राहगीरों के हौसले के चलते पुलिस ने एक बदमाश को जंगलों में काम्बिंग कर दबोच लिया। पकड़ में आये बदमाश ने अपने अन्य साथियों के नाम का खुलासा कर दिया है।
मौहल्ला बन्दूकचियान निवासी 42 वर्षीय मौहम्मद अफजाल अपने पड़ोसी 14 वर्षीय शारिक के साथ रोजाना की तरह ग्राम नीन्दडू में अपनी मिठाई की दुकान बंद कर घर आ रहा था। नूरपुर मार्ग पर जब वह कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचे तो वहां बाइक सवार चार-पांच बदमाशों पहले से खड़े थे। जब उन्होंने बाइक आगे बढ़ाने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उनकी बाइक में अपनी बाइक से टक्कर मार दी।

बदमाशों की हरकत से मौहम्मद अफजाल व शारिक बाइक सहित सड़क पर गिर गये। इस पर बदमाशों ने मौ. अफजाल व शारिक की तलाशी ली। उनकी जेब से करीब तीन हजार की नकदी लूट भागने लगे। तभी पीछे से आ रहे राहगीरों साहस दिखाते हुए शोर मचाकर बदमाशों का पीछा कर लिया। उनमें से दो तीन बदमाश तो भाग निकले।
मगर बाइक सवार दो बदमाशों को राहगीरों ने अपनी बाइक से टक्कर मार दी। टक्कर से बदमाशों की बाइक भी गिर गयी। लेकिन उनमें से एक बदमाश भागने में सफल रहा। जबकि दूसरे बदमाश की टांग में चोट लग गई। वह बचने के लिए जंगल में छुप गया। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जंगलों में कांबिंग कर बदमाश को पकड़ लिया।
पुलिस ने घायल व्यापारी मोहम्मद अफजाल व शारिक को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर घायल होने के कारण उन्हें बिजनौर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने घायल व्यापारी मोहम्मद अफजाल व शारिक को बिजनौर न ले जाकर धामपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी ओर पुलिस ने घायल बदमाश को भी उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उसने अपना परिचय कुलदीप के रूप में कराया। पुलिस को अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी दी। पुलिस के हत्थे चढ़ा बदमाश कुलदीप धामपुर के मुख्य बाजार स्थित एक बुक डिपो पर कार्य करता है। उसने अपने ऊपर भारी कर्जा होने का दबाव होने के चलते लूट की वारदात को अंजाम दिया। उधर कोतवाल अरुण कुमार त्यागी ने लूट के किसी भी वारदात से इनकार किया है। उनका कहना है कोई बदमाश गिरफ्तार नहीं किया गया।

