जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: कोतवाली देहात क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और गौकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
एएसपी एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय मनोज यादव ने बताया कि एसएसपी अभिनंदन के निर्देश पर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को बाबर कॉलोनी में कुछ लोगों द्वारा गोवंश को गौकशी के लिए ले जाने की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई के दौरान महमूद नामक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने मौके से उसके साथी इरफान को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान एक .315 बोर का तमंचा, कारतूस, गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, एक जिंदा गोवंश और पिकअप वाहन बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने आसपास के इलाके में कांबिंग शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

