जनवाणी संवाददाता |
चिलकाना: सुल्तानपुर कस्बे में 11वीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा की मौत और उसकी सहेली के घायल मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को भी पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। छात्रा का शव गुरुवार को कॉलेज से कुछ दूरी पर स्थित एक मकान में फंदे पर लटका मिला था। उसी कमरे में उसकी सहेली भी फंदे पर मिली थी। रस्सी टूटने से नीचे गिरने के कारण वह घायल हो गई थी और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सीओ सदर विकास प्रताप सिंह चौहान के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और पुलिस अब रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। घटनास्थल की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
मकान तक पहुंचने की पड़ताल
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों छात्राएं कॉलेज जाने के बाद उक्त मकान तक कैसे पहुंचीं। घटना के समय मकान में कौन-कौन मौजूद था और बाद में वहां से कौन गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है।
परिजनों की तहरीर पर युवक के खिलाफ केस
मृतका के परिजनों की तहरीर पर सुल्तानपुर निवासी युवक दक्ष शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 और 366 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों ने युवक पर छात्रा को बहला-फुसलाकर बुलाने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है।
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
सीओ सदर ने बताया कि फिलहाल जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के साथ पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

