जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बॉलीवुड की दो लोकप्रिय हस्तियां, काजोल और ट्विंकल खन्ना, अपने बहुचर्चित शो ‘Too Much’ के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर धमाकेदार वापसी कर चुकी हैं। शो का पहला एपिसोड 25 सितंबर को प्रसारित हुआ, जिसमें गेस्ट के तौर पर दो बड़े सुपरस्टार सलमान खान और आमिर खान शामिल हुए।
जहां एपिसोड में हंसी-मज़ाक, पुराने किस्से और बॉलीवुड की अनकही कहानियों की भरमार रही, वहीं एक पल ऐसा भी आया जब माहौल अचानक भावुक हो गया। इसकी वजह बना सलमान खान का काजोल के दिवंगत पिता शोमू मुखर्जी को लेकर साझा किया गया एक निजी अनुभव।
सलमान ने साझा किया निजी किस्सा
सलमान खान ने बातचीत के दौरान बताया कि वे काजोल के पिता, प्रख्यात फिल्म निर्माता शोमू मुखर्जी के बेहद करीब थे। उन्होंने कहा “काजोल के पिताजी और मेरे बहुत अच्छे रिश्ते थे। वो हफ्ते में दो बार हमारे घर आया करते थे। आखिरी बार वो दो दिन पहले आए थे, जब उनका निधन हुआ। हमेशा की तरह लुंगी पहने हुए थे।”
सलमान की यह बात सुनकर शो की होस्ट काजोल भी भावुक हो गईं और स्टूडियो में एक पल के लिए सन्नाटा छा गया।
आखिरी मुलाकात का जिक्र करते हुए टूटे सलमान
सलमान ने उस आखिरी मुलाकात को याद करते हुए एक बेहद इमोशनल किस्सा साझा किया “उन्होंने कहा — ‘यार, एक ड्रिंक पिला’। मैंने कहा, ‘नहीं शोमू दा…’, लेकिन वो बोले ‘मैं कुछ दिनों में जा रहा हूं, एक पिला दे यार’। मैंने उनके लिए ड्रिंक बनाई… और दो दिन बाद, वो चल बसे।” यह सुनते ही काजोल की आंखें नम हो गईं और दर्शकों की भी भावनाएं उमड़ पड़ीं। यह पल शो के पहले एपिसोड की सबसे संवेदनशील और यादगार झलक बन गया।
वर्कफ्रंट पर व्यस्त हैं सलमान खान
बात करें सलमान खान के काम की, तो वे हाल ही में फिल्म ‘सिकंदर’ में नजर आए थे, जिसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। अब वे अपनी अगली बड़ी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवां’ की तैयारी में हैं। इसके अलावा, सलमान इस समय बिग बॉस 19 के साथ टीवी पर भी धूम मचा रहे हैं।
‘Too Much’ ने पहले एपिसोड से ही बनाया दिलों में जगह
काजोल और ट्विंकल खन्ना द्वारा होस्ट किया गया शो ‘Too Much’ न केवल मज़ेदार और ग्लैमरस है, बल्कि इसमें भावनाओं की गहराई और इंसानी रिश्तों की झलक भी देखने को मिल रही है। शो के पहले एपिसोड ने यह साफ कर दिया कि यहां सिर्फ गॉसिप नहीं, सच्चे अनुभव और अनकही भावनाएं भी दर्शकों से साझा की जाएंगी।

