जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पालीगंज अनुमंडल के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र में बीती देर रात बालू माफियाओं ने खनन विभाग की टीम पर हमला कर दहशत फैला दी। अवैध बालू खनन के खिलाफ चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान माफियाओं ने न केवल कार्रवाई रोकने की कोशिश की, बल्कि सैप जवानों पर स्कॉर्पियो चढ़ाकर उन्हें कुचल दिया। घटना में एक सैप जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, काब गांव के पास खनन विभाग की टीम अवैध बालू लदे वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक ट्रैक्टर को रोका गया। जांच में पुष्टि हुई कि उसमें अवैध बालू लदा हुआ था। जब सैप जवान ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले जा रहे थे, तभी ट्रैक्टर मालिक और उसके सहयोगियों ने जवानों से मारपीट शुरू कर दी।
एक जवान ने तोड़ा दम, एक का इलाज जारी
मारपीट के बाद आरोपी स्कॉर्पियो लेकर भागने लगे और भागते समय जानबूझकर सैप जवानों को कुचल दिया। इस हादसे में दोनों जवान बुरी तरह घायल हो गए। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत पीएमसीएच पटना भेजा। इलाज के दौरान एक जवान ने दम तोड़ दिया। मृत जवान की पहचान दुखहरन पासवान के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल जवान लक्ष्मण सिंह का इलाज जारी है।
बेखौफ होकर कर रहे अवैध खनन
वारदात के बाद पुलिस हरकत में आई और हमले में शामिल स्कॉर्पियो को बरामद कर लिया। हालांकि, वाहन में सवार सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं लोगों का कहना है कि बालू माफिया खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वह बेखौफ होकर अवैध खनन करते हैं। इसे रोकने के दौरान अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों पर हमले की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

