नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। भारतीय स्टेट बैंक ने क्लर्क के पदों पर बंपर भर्ती के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आज, यानी 06 अगस्त से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट sbi.co.in के माध्यम से इस बंपर भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को ध्यान देना चाहिए कि एसबीआई क्लर्क रिक्तियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 26 अगस्त, 2025 है। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी आगे बताई गई है।
अंतिम तिथि और रिक्ति विवरण
एसबीआई क्लर्क (जूनियर एसोसिएट्स (ग्राहक सहायता और बिक्री)) भर्ती 2025 के तहत कुल 6589 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें से 5180 पद रेगुलर वैकेंसी के रूप में घोषित किए गए हैं, जबकि 1409 पद बैकलॉग श्रेणी में शामिल हैं। रेगुलर वैकेंसी में 2255 पद अनारक्षित वर्ग के लिए हैं। इसके अलावा, 788 पद अनुसूचित जाति, 450 पद अनुसूचित जनजाति, 1179 पद अन्य पिछड़ा वर्ग और 508 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। वहीं, 1409 बैकलॉग पद अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन (PwD) और भूतपूर्व सैनिकों (Ex-Servicemen) से संबंधित हैं।

परीक्षा तिथियां
एसबीआई क्लर्क की प्रारंभिक परीक्षा सितंबर 2025 में और मुख्य परीक्षा नवंबर 2025 में आयोजित की जाएगी। एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से लगभग 10 दिन पहले जारी किए जाएंगे, जिन्हें उम्मीदवार एसबीआई की आधिकारिक वेबसाइट sbi.co.in/web/careers/current-openings से पंजीकरण नंबर और पासवर्ड/जन्मतिथि के जरिए डाउनलोड कर सकेंगे।
पात्रता मानदंड
इच्छुक उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री या केंद्र सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। आवेदक की 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अप्रैल 2025 से की जाएगी।
वेतन
एसबीआई क्लर्क पद पर चयनित उम्मीदवारों को 26730 रुपये का प्रारंभिक बेसिक वेतन मिलेगा, जो समय के साथ वेतनमान के अनुसार बढ़ेगा। मुंबई जैसे महानगरों में कार्यरत क्लैरिकल कैडर के कर्मचारियों का कुल प्रारंभिक मासिक वेतन लगभग ₹46,000 तक हो सकता है, जिसमें महंगाई भत्ता, अन्य भत्ते और दो अतिरिक्त वेतनवृद्धियां (स्नातक कनिष्ठ सहयोगियों के लिए) शामिल हैं। यह वेतन भत्ते तैनाती के स्थान के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं।
चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में होगी- सबसे पहले ऑनलाइन प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा (Mains) के लिए बुलाया जाएगा। मुख्य परीक्षा पास करने के बाद, यदि उम्मीदवार ने 10वीं या 12वीं कक्षा में उस राज्य की स्थानीय भाषा नहीं पढ़ी है, जिसे उसने आवेदन में चुना है, तो उसे उस भाषा में लोकल लैंग्वेज टेस्ट भी देना होगा।
परीक्षा पैटर्न
प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) एक घंटे की होगी, जिसमें अंग्रेजी भाषा, न्यूमेरिकल एबिलिटी और रीजनिंग एबिलिटी से जुड़े कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। इंग्लिश सेक्शन में 30 अंक, जबकि न्यूमेरिकल और रीजनिंग सेक्शन में 35-35 अंक निर्धारित होंगे। हर सेक्शन के लिए 20 मिनट का अलग-अलग समय मिलेगा।
वहीं मुख्य परीक्षा (Mains) 2 घंटे 40 मिनट की होगी, जिसमें कुल 190 प्रश्न होंगे और परीक्षा 200 अंकों की होगी। इसमें सामान्य/वित्तीय जागरूकता, सामान्य अंग्रेजी, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, रीजनिंग और कंप्यूटर योग्यता जैसे विषय शामिल होंगे।
मुख्य परीक्षा में सफल लेकिन स्थानीय भाषा की योग्यता न रखने वाले उम्मीदवारों को लोकल लैंग्वेज टेस्ट देना अनिवार्य होगा। दोनों परीक्षाओं- प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग लागू होगी, जिसमें प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक काटे जाएंगे।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस श्रेणियों से संबंधित उम्मीदवारों को 750 रुपये का आवेदन शुल्क देना होगा। जबकि एससी, एसटी और अन्य आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के भुगतान से छूट दी गई है, यानी उन्ही आवेदन शुल्क का भुगतान नहीं करना है।
आवेदन कैसे करें
आधिकारिक वेबसाइट – sbi.co.in पर जाएं।
होम पेज एसबीआई क्लर्क भर्ती 2025 के लिए आवेदन करने के लिए उपलब्ध लिंक पर क्लिक करें।
पंजीकरण करने के लिए विवरण दर्ज करें और सबमिट पर क्लिक करें।
आवेदन पत्र भरकर आवेदन शुल्क का भुगतान कर दें।
भविष्य के संदर्भ के लिए आवेदन पत्र डाउनलोड करें और साथ ही इसका एक प्रिंटआउट लें।

