- पुलिस का दावा बिना अनुमति प्रचार में घूम रही थी स्कॉर्पियो
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: कोतवाली पुलिस ने समाजवादी पार्टी से जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी की स्कॉर्पियो को सीज कर दिया है। पुलिस का दावा है कि बिना अनुमति के प्रत्याशी स्कॉर्पिया कार से चुनाव प्रचार के लिए घूम रहे थे।
शामली कोतवाली पुलिस ने फ्लैग मार्च एवं अपराधियों की निगरानी की कार्रवाई के दौरान ग्राम लांक में जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी प्रदीप कालखंडे द्वारा अपना चुनाव प्रचार करने के लिए बिना अनुमति के वाहन प्रयोग किया जाना पाया। कोतवाली प्रभारी ने वाहन रोककर अनुमति दिखाए जाने के लिए कहा गया। जिस पर प्रत्याशी प्रदीप कालखंडे ने अनुमति न होने की बात कहते हुए असमर्थता प्रकट की।
इस पर प्रत्याशी को थाना प्रभारी ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन की जानकारी देते हुए वाहन स्कार्पियो नंबर यूपी13एसी8000 को कब्जे में लेकर सीज कराया गया है। सीज वाहन थाने पर दाखिल किया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने कहा कि सभा थाना प्रभारी पंचायत चुनावों के लिए जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को रोककर चेक करें।
वाहन पर अनुमति न होने एवं चुनाव प्रचार करते हुए पाए जाने की स्थिति में वैधानिक कार्रवाई किए जाने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा के भ्रमण के दौरान क्षेत्र में लोगों को इस बात की जानकारी दें कि कोई भी प्रत्याशी बिना अनुमति के वाहन से प्रचार करते हुए घूमता है, उसका फोटो/वीडियो मंगवाए और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने में वाहन एवं प्रत्याशी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करें।
उधर, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कालखंडे ने बताया कि जिस समय पुलिस ने उनकी गाड़ी पकड़ी उस समय उनके पास अनुमति का पेपर नहीं था लेकिन उनकी अनुमति स्वीकृत हो चुकी थी। जब मैंने सीओ ट्रैफिक से बात की तो उन्होंने 26 अप्रैल से पहले छोड़ने से इंकार कर दिया।

