मेलबर्न, भाषा: साल का पहला ग्रैंडस्लैम आॅस्ट्रेलियाई ओपन सोमवार को जब यहां शुरू होगा तो सेरेना विलियम्स, नोवाक जोकोविच और राफेल नडाल जैसे शीर्ष खिलाड़ियों की नजरें चैंपियन बनने के साथ रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज करने पर टिकी होगी।

पिछले साल अक्टूबर में फ्रेंच ओपन खिताब जीत कर दिग्गज रोजर फेडरर के पुरुष एकल में 20 ग्रैंडस्लैम खिताब की बराबरी करने वाले नडाल अपने खिताबों की संख्या 21 कर इस तालिका में शीर्ष पर पहुंचना चाहेंगे। उनके पास हर ग्रैंडस्लैम को कम से कम दो बार जीतने वाला पहला खिलाड़ी बनने का भी मौका होगा। फेडरर घुटने के आॅपरेशन के कारण इस टूर्नामेंट में भाग नहीं ले रहे है। नडाल भी पीठ दर्द की समस्या से परेशान है लेकिन उन्हें उम्मीद है कि वे इससे निपट लेंगे। उन्होंने कहा कि मेरे पास सोमवार का समय है फिर मंगलवार को खेलना है।

