- गोली लगने से घायल हुए दम्पत्ति को चिकित्सकों ने किया रेफर
- घटना के समय दम्पत्ति के साथ मौजूद थे उनके चार बच्चे
- परिजनों ने दी पुलिस को तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: बच्चों को साथ लेकर ईंट पर मजदूरी करने जा रहे साईकिल सवार दम्पत्ति को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। गोली लगने से घायल हुए दम्पत्ति को देवबंद सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना के सम्बंध में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

गरुवार की अल सुबह करीब चार बजे देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव हुलाशगढ़ निवासी रकम सिंह (40) व उसकी पत्नि रिना देवी (38) अपने बच्चों मोहिनी, तनु, आदित्य और शिवा को साथ लेकर साईकिल द्वारा ईस्माइलपुर ईंट पर मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह गांव से बाहर निकले तो बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने साईकिल सवार दम्पत्ति पर फायरिंग शुरू कर दी।
जिसमें एक गोली रिना के कंधे से होकर रकम सिंह को जा लगी। गोली लगने के कारण दम्पत्ति घायल होकर जमीन पर गिर गए। माता पिता को लहुलुहान देख दूसरी साईकिल पर सवार बच्चों में चीख पुकार मच गई। घटना को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। जिसके बाद डरे सहमे बच्चों ने गांव लौटकर परिजनों को घटना के बारे में बताया। जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की सूचना दी।
दिन निकलने के साथ ही बदमाशों द्वारा दम्पत्ति को गोली मार दिए जाने की खबर से पुलिस में हडकम्प मच गया। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के सम्बंध में घायल रकम सिंह के भतीजे पंकज ने पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रभाकर केंतुरा ने बताया कि घायल रकम सिंह व उसकी पत्नी एक साइकिल पर सवार थे। जबकि चारों बच्चे दो अलग-अलग साइकिलों पर सवार थे। इसी दौरान उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया गया। तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रथम दृष्टया घटना लूट की नहीं बल्कि रंजिश की लग रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
अतुल शर्मा, एसपी देहात

