- अंदर से कमरा बंद कर लेने पर दीवार तोड़कर पकड़ा आरोपी
- भीड़ ने की आरोपी की पिटाई, घायल
- एसपी देहात पहुंचे मौके पर
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: थाना क्षेत्र के गांव बातनौर में संविदाकर्मी के घर में घुसे सिरफिरे ने दुष्कर्म का प्रयास विफल होने पर किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी। कमरा भीतर से बंद करके वारदात को अंजाम देने के आरोपी को दीवार तोड़कर पकड़ा गया। ग्रामीणों ने उसकी धुनाई कर दी। सूचना मिलने पर एसपी देहात फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पिटाई से घायल आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक बातनौर में दुष्कर्म के प्रयास में नाकाम होने पर किशोरी की हत्या की यह वारदात रविवार को दोपहर करीब 11:30 बजे हुई। बातनौर में स्थित पानी की टंकी परिसर के आवास में रहने वाले ऊर्जा निगम के संविदा कर्मी ओमवीर की पत्नी पूनम बच्चों संग खेत पर काम करने गई हुई थी।
घर में उसकी बेटी रजनी तथा अंजली ही मोजूद थी। माता-पिता की अनुपस्थिति एक युवक रोहित पुत्र खीमचंद निवासी बड़का थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद उसके घर में घुस गया। आरोप है रोहित ने रजनी को बदनियति से कमरे में बंद कर लिया। उसी समय उसकी मां खेत से घर लौट आई। किशोरी द्वारा शोर मचाए जाने पर आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। चीख पुकार मचाए जाने पर परिजनों व पड़ोसियों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला।
आखिरकार ग्रामीणों ने कमरे की दीवार तोड़कर आरोपी को पकड़ लिया। कमरे में रजनी की लाश पड़ी हुई थी। लाश देखकर माहौल गरमा गया। भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पीट दिया। वह लहू लुहान हो गया। दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर पाकर मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर एसपी देहात केशव कुमार फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी देहात के निर्देश पर स्थानीय पुलिस ने स्थानीय पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में मृतका के पिता द्वारा रोहित को नामजद तहरीर दी गई है।
थाने में आरोपी के पीछे ईंट लेकर दौडा मृतका का पिता
किशोरी की हत्या की रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचा मृतका का पिता आरोपी को पुलिस की गाड़ी से उतरता देख उग्र हो उठा।वह आरोपी के पीछे ईंट लेकर दौड़ पड़ा। पुलिस ने आरोपी की अंदर करके पिता को बाहर बैठा दिया। घटना के संबंध में थाने पहुंचकर मृतका के पिता ओमबीर ने सुभाष के भांजे को नामजद करके रिपोट लिखाई है। जब उसकी रिपोर्ट लिखी जा रही थी, उसी दौरान पुलिस मारपीट से घायल हुए आरोपी को अस्पताल से उपचार दिलाकर पुलिस थाने लौटी। पुलिस के साथ रोहित को देख ओमबीर उग्र हो उठा। वह सड़क पर पड़ी ईंट उठाकर हमला करने के लिए आरोपी के पीछे दौड़ पड़ा। पुलिस ने उसे थाने से बाहर भेज दिया।
बातनौर में मामा के पास था आरोपी का आना जाना
दिनदहाड़े किशोरी की निर्मम हत्या करने का आरोपी रोहित बातनौर में किराए पर रहने वाले अपने अविवाहित मामा सुभाष के पास अक्सर आकर रुकता था। बताया गया है कि रोहित का मामा सुभाष बागपत जिले के कोताना का रहने वाला है। वह पिछले 13 वर्षों से गांव में रहता है। वह सेट्रिंग के कार्य में मजदूरी करता है। उसकी बहन मुरादनगर क्षेत्र के गांव बड़का में ब्याही है। ग्रामीणों ने बताया कि सुभाष ने हाल ही में एक महिला से फोन पर दोस्ती करके उसे रिलेशनशिप में अपने कमरे में रखा हुआ है। पुलिस ने सुभाष को भी हिरासत में ले रखा है।
रजनी की हत्या से चश्मदीद बहन का हुआ बुरा हाल
रजनी की हत्या के बाद उसकी मां व भाई बहनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। सनसनीखेज हत्या की चश्मदीद मृतका की छोटी बहन अंजलि बार बार अपनी बड़ी बहन को याद करके बिलख रही थी। बताया गया है कि जब आरोपी उनके घर में घुसा तो वह आंगन में बनी भैंसों को पानी पिला रही थी। उसे पता नहीं नहीं चला कि रोहित कब उनके घर में घुस गया। इतने में उसकी मां फिर से लौट आई थी। इसी बीच कमरे से चीख-पुकार की आवाज आई तो वे दंग रह गए। मां बेटी रजनी की आवाज सुनकर दौड़े लेकिन कमरा अंदर से बंद होने के कारण वह लाचार होकर रह गए। इसी दौरान आरोपी ने रजनी की गला दबाकर हत्या कर दी।
प्रेम प्रसंगों के चलते हुई हत्या: एसपी देहात

एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि बतनौर में हुई यह हत्या प्रेम प्रेम प्रसंगों में एक दूसरे पर शक के चलते हुई है। एसपी देहात में आरोपी से की गई पूछताछ के हवाले से बताया कि एक अन्य युवक भी लड़की से बात करता था। इसी के चलते रोहित ने गला दबाकर लड़की की हत्या की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की असलियत तक पहुंचने के लिए फोन की कॉल डिटेल्स निकलवाई जा रही है।

