जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: एशिया कप 2025 से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव सामने आया है। रोजर बिन्नी ने बोर्ड के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि बिन्नी ने 70 वर्ष की आयु सीमा पार कर लेने के कारण यह पद छोड़ा है। उनकी जगह अब राजीव शुक्ला को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हालांकि बीसीसीआई की ओर से अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
चुनाव तक जिम्मेदारी संभालेंगे शुक्ला
राजीव शुक्ला फिलहाल बीसीसीआई के उपाध्यक्ष हैं और अब वह अगले महीने होने वाले बीसीसीआई चुनाव तक कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में बोर्ड का नेतृत्व करेंगे। 2022 में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के बाद रोजर बिन्नी बीसीसीआई अध्यक्ष बने थे। उस समय वे शीर्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार थे।
पहले यह माना जा रहा था कि बिन्नी सितंबर में प्रस्तावित वार्षिक आम बैठक (AGM) तक पद पर बने रहेंगे, लेकिन उन्होंने उससे पहले ही इस्तीफा देकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया।
बिन्नी का प्रभावशाली कार्यकाल
रोजर बिन्नी का अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल उपलब्धियों से भरा रहा। उनके नेतृत्व में भारत ने दो बड़े आईसीसी टूर्नामेंट —
आईसीसी टी20 विश्व कप 2024
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025
अपने नाम किए।
इसके अलावा, महिला प्रीमियर लीग (WPL) की ऐतिहासिक शुरुआत और घरेलू क्रिकेट में सुधार भी उनके कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियां रहीं। बिन्नी ने खिलाड़ियों के वेतन में वृद्धि की और सीनियर भारतीय खिलाड़ियों को घरेलू टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से सख्त दिशा-निर्देश भी लागू किए।
बिन्नी का क्रिकेट करियर
1983 में भारत को पहला वनडे विश्व कप जिताने वाली टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे ऑलराउंडर बिन्नी ने 27 टेस्ट और 72 वनडे मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
टेस्ट में उन्होंने 47 विकेट लिए और 830 रन बनाए।
वनडे में 77 विकेट लिए और 629 रन बनाए।
1983 विश्व कप में बिन्नी 18 विकेट लेकर भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे।
बिन्नी इससे पहले बीसीसीआई चयन समिति के सदस्य भी रह चुके हैं।

