नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। गायक और संगीतकार सचिन सांघवी पर एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगे हैं। बता दें कि, सचिन पर महिला को संगीत एल्बम में मौका देने और शादी का वादा करके उसका यौन उत्पीड़न करने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सचिन सांघवी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सचिन सांघवी को इन धाराओं के तहत किया गिरफ्तार
दरअसल, एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘स्त्री 2’ और ‘भेड़िया’ जैसे हिट गानों के लिए मशहूर सचिन सांघवी को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि 20 साल की उम्र की शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि वह फरवरी 2024 में सांघवी के संपर्क में आई थी और उन्होंने उसे इंस्टाग्राम पर एक संदेश भेजा था। अधिकारी ने बताया कि सांघवी ने कथित तौर पर उसे अपने संगीत एल्बम में मौका देने का वादा किया था, जिसके बाद दोनों एक-दूसरे से बात करते थे। महिला ने आरोप लगाया है कि सचिन सांघवी ने उसे अपने स्टूडियो में बुलाया, जहां उसने शादी का प्रस्ताव रखा और कई मौकों पर उसका यौन उत्पीड़न किया। जांच के आधार पर गायक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

