जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पाकिस्तान ने आगामी पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप 2025 से अपना नाम वापस ले लिया है। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की है। टूर्नामेंट का आयोजन 28 नवंबर से 28 दिसंबर तक भारत के चेन्नई और मदुरै में होना है।
FIH ने बताया कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने औपचारिक रूप से सूचित किया है कि उसकी टीम, जिसने टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया था, अब प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेगी। एफआईएच ने कहा कि पाकिस्तान की जगह कौन सी टीम टूर्नामेंट में शामिल होगी, इसका ऐलान जल्द किया जाएगा।
भारत में होना है टूर्नामेंट
जूनियर हॉकी विश्व कप का आयोजन पहली बार तमिलनाडु के दो शहरों — चेन्नई और मदुरै में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में दुनिया भर की शीर्ष जूनियर टीमें हिस्सा लेंगी। पाकिस्तान के हटने के बाद अब एफआईएच को नए प्रतिभागी देश की घोषणा करनी होगी।
भारत-पाकिस्तान संबंधों का प्रभाव
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से कूटनीतिक और राजनीतिक रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं। इस साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत जवाबी सैन्य कार्रवाई की थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच खेल संबंधों पर भी असर पड़ा। भारत ने पहले ही स्पष्ट किया था कि उसकी टीमें पाकिस्तान नहीं जाएंगी, और अब पाकिस्तान के हटने से इस मुद्दे ने नया मोड़ ले लिया है।
एफआईएच का बयान
एफआईएच की ओर से जारी बयान में कहा गया “हम पुष्टि करते हैं कि पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने सूचित किया है कि उसकी टीम एफआईएच पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 में भाग नहीं लेगी। इस निर्णय के बाद जल्द ही उस टीम की घोषणा की जाएगी जो पाकिस्तान की जगह टूर्नामेंट में खेलेगी।”

