- प्रधान पद के प्रत्याशियों की जीत हार पर चर्चा में बवाल
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: क्षेत्र के गांव मलकपुर में चुनावी चर्चा के बीच दो प्रधान प्रत्याशियों के हुए मारपीट संघर्ष के मामले में पुलिस ने बलवा की धाराओं में मकदमा दर्ज करते हुए दोनों प्रधान प्रत्याशियों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। संघर्ष में आधा दर्जन लोग घायल भी हुए थे।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव मलकपुर में पूर्व प्रधान आरिफ और पूर्व प्रधान इरशाद के पुत्र सद्दाम ने प्रधानी का चुनाव लड़ा है। बुधवार को पूर्व प्रधान आरिफ और प्रधान प्रत्याशी सद्दाम के समर्थक चुनावी चर्चा कर रहे थे। हार और जीत को दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों के समर्थकों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट पूर्व प्रधान आरिफ, अब्बास, इरफान व दूसरे पक्ष से सद्दाम, नवाब व सारिक घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने गांव पहुंचकर हल्का बल प्रयोग कर दोनों पक्षों को मौके से भगाया।
पुलिस ने मौके से पूर्व प्रधान आरिफ, अब्बास, इरफान, मुबारिक, खुर्शीद, मुनव्वर, सद्दाम, हासिम, सारिक, अय्युब व नवाब को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। पुलिस ने एसएसआई रविंद्र की तहरीर पर बलवा करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए दोनों पक्षों के लोगों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ बलवा करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पकड़े गए सभी लोगों को जेल भेज दिया गया है।

