- ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लगाया अनदेखी का आरोप
जनवाणी संवाददाता |
स्योहारा: ग्राम मकसूदपुर में कई बीघा गन्ने की फसल में विद्युत जर्जर तारों में आग लग जाने के कारण गन्ना जल गया। आग की सूचना मिलते ही गांव वालों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
ग्राम मकसूदपुर निवासी अमरीश चौधरी पुत्र जबर सिंह के खेत से होकर जा रही 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाईन का तार टूटने सें लगभग छह बीघा गन्ना जल गया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। युवा किसान नेता विकास तोमर ने बताया कि विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते ये सब हुआ है।
किसान का लाखों रुपये का गन्ना जला है जिसका मुआवजा बिजली विभाग को देना होगा। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी विद्युत विभाग द्वारा जर्जर हालत के तारों को नहीं बदला जा रहा हैं जिसके कारण आए दिन ऐसे हादसे होते हैं।
जिसमें किसानों का लाखों रुपए का गन्ना जलकर खाक हो जाता है। आग की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बिजली विभाग को सूचना देकर लाईन बंद कराई। घटना की थाने में सूचना दे दी गयी है।

