- यानसेन ने झटके तीन विकेट, आरसीबी को नौ विकेट से रौंदा
- 72 गेंद पहले जीता मुकाबला, नटराजन ने भी लिए 3 विकेट
मुंबई |
वार्ता: आईपीएल में शनिवार को खेले गए दिन के दूसरे मैच में हैदराबाद ने एकतरफा मुकाबले में बेंगलुरु को नौ विकेट से रौंदकर अंक तालिका में दूसर स्थान पर कब्जा कर लिया है। सनराइजर्स के सामने सिर्फ 69 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने 8 ओवर में ही हासिल कर लिया। हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा ने 28 गेंद में 47 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद की 7 मैचों में ये लगातार 5वीं जीत है।
इससे पहले टीम ने शुरूआती 2 मैच हारे थे। वहीं, आरसीबी की 8 मैचों में ये तीसरी हार रही। टीम ने 5 मैच जीते हैं। इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने फैंस को निराश किया और पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 68 के स्कोर पर सिमट गई। सुयाष प्रभुदेसाई ने सबसे ज्यादा 15 रन बनाए। वहीं, विराट कोहली और दिनेश कार्तिक शून्य पर पवेलियन लौटे। हैदराबाद की ओर से मार्को यानसेन और टी नटराजन ने 3-3 विकेट लिए। यानसेन के अलावा टी नटराजन के खाते में भी तीन विकेट आए।
वहीं, जगदीश सुचित ने 2 और उमरान, भुवनेश्वर के खाते में एक-एक विकेट आए। हैदराबाद के गेंदबाजों के सामने आरसीबी का कोई भी बल्लेबाज नहीं टिक पाया। आरसीबी का ये दूसरा सबसे कम स्कोर है। इससे पहले 2017 में केकेआर के खिलाफ आरसीबी की टीम 49 रन पर आॅल आउट हुई थी। शानदार फॉर्म में चल रहे हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने आरसीबी के खिलाफ भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 13 रन दिए और एक विकेट भी अपने नाम किया।

