- स्कूल के बच्चों को गन्ना देने पर की जमकर मारपीट
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: क्षेत्र के गांव भैंसानी ईस्लामपुर में स्कूल के छोटे बच्चों को गन्ना देना दूसरे बच्चों को उस समय महंगा पड़ गया जबकि दो शिक्षकों ने गन्ना देने वाले बच्चों की गन्ने से बेरहमी से पिटाई कर दी। इससे एक बच्चे का पैर टूट गया। पीड़ित पिता अपने बेटे को लेकर थाने पहुंचा। पुलिस ने उसको मेडिकल के लिए भेज दिया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित पिता ने थाने पर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
मंगलवार को थानाभवन क्षेत्र के गांव भैंसानी इसलामपुर के मजहर पब्लिक स्कूल के पीछे खेत में गन्ना छिलाई का कार्य चल रहा था। उसी समय स्कूल के कुछ बच्चे गन्ना मांगने लगे। गन्ने मांगने पर गन्ने की छिलाई कर रहे अज्जू पुत्र हनीफ ने बच्चों को गन्ने दे दिए।
आरोप है कि इस बात से गुस्से में आकर मास्टर रिजवान व इमरान स्कूल से खेत में आए और गन्ने की छिलाई कर रहे अज्जू व अदनान पुत्रगण हनीफ, हसरत पुत्र नान्ना, कैफ पुत्र हनीफ को गन्ने से पिटने लगे। मारपीट में कैफ के पैर की हड्डी टूट गई। पीड़ित पिता बच्चे को लेकर ग्रामीणों के साथ थानाभवन थाने पर पहुंचा।
पुलिस ने घायल का मेडिकल करा पीड़ित की तहरीर पर कार्यवाही शुरू की। गंभीर चोट के चलते घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि घायल थाने आया था। पीड़ित को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। तहरीर आने पर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।

