- सब स्टेशन आपरेटर पर शटडाउन के नाम पर पैसे मांगने व गाली गलौच का आरोप
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: नगर के आदर्शनगर बिजलीघर पर तैनात संविदाकर्मी सब स्टेशन आपरेटर के समर्थन में क्षेत्र के संविदाकर्मियों द्वारा समर्थन में आने के बाद तथा धरना प्रदर्शन देने के मामले में संविदाकर्मी के विरोध में किसानों का संगठन राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन बचाव में सामने आ गया है और संगठन के सदस्यों ने तहसीलदार को ज्ञापन देकर संविदाकर्मी पर शट डाउन के नाम पर धनसीनी के किसानों से पैसे मांगने व शराब के नशे में गाली गलौच करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के सदस्यों का एक प्रतिनिधि मंडल तहसील पहुंचा और एक ज्ञापन तहसीलदार राधे श्याम शर्मा को देकर कहा कि ग्राम धनसीनी में बिजली की लाइन स्पार्किंग कर रही थी जिस पर ग्राम धनसीनी के अंकित व अर्पित ने एसएसओ से शटडाउन मांगा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है एसएसओ ओम कुमार ने शट डाउन मांगने गए अर्पित व किसान अंकित से 500 रूपए की मांग की तथा नहीं देने पर गाली गलौच करते हुए झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी दी। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के सदस्यों ने ज्ञापन में कहा कि अगर दो दिन के भीतर संविदाकर्मी पर कार्रवाई नहीं की गई तो किसान आंदोलन करने को बाध्य होगे जिसका दायित्व शासन व प्रशासन का होगा। ज्ञापन देने वालों में अचल शर्मा,मौहम्मद इरफान, दिपेन्द्र सिंह, नौशाद अहमद आदि शामिल रहे।

