नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस ने गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों दलों का दावा है कि विजय सिन्हा के पास दो अलग-अलग EPIC नंबर हैं और उन्होंने दो जगह से मतदाता पुनरीक्षण का फॉर्म भरा है। तेजस्वी यादव ने रविवार सुबह प्रेस वार्ता कर पूछा कि डिप्टी सीएम ने बांकीपुर और लखीसराय दोनों जगह से फॉर्म क्यों भरा और उनका नाम नए वोटर लिस्ट में दो बार कैसे दर्ज हुआ?
तेजस्वी ने यह भी कहा कि दोनों वोटर लिस्ट में डिप्टी सीएम की उम्र अलग-अलग है लखीसराय लिस्ट में 57 वर्ष, जबकि बांकीपुर में 60 वर्ष दर्ज है। आरोप के मुताबिक, एक EPIC कार्ड नंबर IAF39393370 (सीरियल नंबर 274) और दूसरा AFS0853341 (सीरियल नंबर 767) है। राजद और कांग्रेस ने चुनाव आयोग से जांच की मांग की है और कहा कि अगर डिप्टी सीएम दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें तत्काल इस्तीफा देना चाहिए, वहीं अगर चुनाव आयोग की गलती साबित होती है तो मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया रद्द होनी चाहिए।
डिप्टी सीएम से क्या अब चुनाव आयोग मांगेगी जवाब?
तेजस्वी यादव ने कहा कि मतदाता सूची प्रारूप में दो अलग-अलग जगह पीएम नरेंद्र मोदी के दुलरुवा विजय सिन्हा का नाम आ गया है। क्या अब चुनाव आयोग दो EPIC नंबर पर इनसे जवाब मांगेगी? क्या पटना और लखीसराय जिला प्रशासन डिप्टी सीएम विजय सिन्हा से जवाब मांगेगी? क्या इन पर प्राथमिकी दर्ज होगी? जितनी जल्दी मेरे ऊपर आरोप लगाकर नोटिस भेजी गई? क्या उतनी जल्दी विजय सिन्हा पर कार्रवाई होगी? तेजस्वी ने कहा कि अब विजय सिन्हा को सामने आकर यह बताना चाहिए कि उनके हस्ताक्षर से कैसे दो विधानसभा में उनके नाम दर्ज हैं। क्या वह दो जगह वोट गिराना चाह रहे हैं? अगर नहीं तो वह बताएं कि चुनाव आयोग की यह प्रक्रिया ही फर्जी है। उनके पास बीएलओ गए ही नहीं। बिना उनके हस्ताक्षर से ही दो अलग-अलग विधानसभा में उनके नाम दर्ज कर लिए गए है?
तेजस्वी यादव ने लगाया आरोप
दरअसल, उन्होंने कहा कि एसआईआर बहुत बड़ा फर्जीवाड़ा है। हमलोगों ने कई बार यह बात कही। सुप्रीम कोर्ट में भी यह मामला है। अब इससे बड़ा सबूत क्या होगा कि बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का दो विधानसभा क्षेत्र के वोटर लिस्ट में नाम है। उनके नाम दो EPIC नंबर दर्ज है। तेजस्वी ने कहा कि चुनाव आयोग मतदाता सूची प्रारूप की फाइल ही बदल दी है। पूरा फॉर्मेट ही बदल दी है यह फाइल काफी हैवी हो गई है। पहले मतदाता सेवा पोर्टल से टैक्स्ट बेस्ट पीडीएफ डाउनलोड होता था। अब इमेज बेस्ड पीडीएफ डाउनलोड हो रहा है। इस नए फाइल कुछ भी सर्च करना काफी मुश्किल है। इतना ही नहीं जो फाइल डाउनलोड हो रही है? उनकी साइज बड़ी हो गई है।
नेता प्रतिपक्ष का आरोप
तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव आयोग का कहना है कि किसी भी राजनीतिक दल ने दावा-आपत्ति नहीं की है। लेकिन, मैं यह कह रहा हूं कि हमारे दावे और आपत्तियों को दिखाए ही नहीं जा रही है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगा रहे हैं कि सम्राट चौधरी ने उम्र घोटाला किया था। अब एक और डिप्टी सीएम ने उम्र घोटाला कर दिया। गजब हैं बिहार के दोनों डिप्टी सीएम। क्या इनपर कार्रवाई होगी? चुनाव आयोग गोदी आयोग बनकर रह गया है। आप किसी से पूछ लीजिए कि आज तक चुनाव आयोग का ऐसा रवैया नहीं रहा।

