- नगर निगम के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग में पार्षद व लिपिक के बीच हुए विवाद में समझौता
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नगर निगम के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग में शुक्रवार को पार्षद एवं लिपिक के बीच भ्रष्टाचार एवं अभद्र व्यवहार के आरोप-प्रत्यारोप के बीच जो विवाद शुरू हुआ था। वह विवाद रविवार को सूरजकुंड स्थित महापौर कैम्प कार्यालय पर आयोजित दोनों पक्षों की मीटिंग के बाद समाप्त हो गया। महापौर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दोनों पक्षों को गले मिलवाते हुए समझौते पर मुहर लगा दी गई। बैठक में अपर नगरायुक्त एवं संयुक्त संघर्ष समिति नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ ही भाजपा विधायक, महानगर अध्यक्ष शामिल हुए।
रविवार को सांय के समय सूरजकुंड स्थित महापौर कैम्प कार्यालय पर एक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शुक्रवार को नगर निगम के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग में भाजपा पार्षद संजय सैनी व उसके भाई राजू सैनी के साथ लिपिक दिनेश कुमार के बीच जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी को लेकर हुए विवाद को समाप्त करने के लिए आयोजित की गई। लिपिक दिनेश के समर्थन में संयुक्त संघर्ष समिति का गठन कर नगर निगम के समस्त कर्मचारी एकजुट होकर शनिवार को निगम मुख्यालय पर तालाबंदी करके धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार को एक ज्ञापन सौंपते हुए मंगलवार तक मामले में कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में शहर की पेजयल आपूर्ति व सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतवनी भी दी थी। मामला लगातार तूल पकड़ा तो नगर निगम के अधिकारी एवं भाजपा नेता पसोपेश में आ गए। दोनों पक्षों की तरफ से मामले में कार्रवाई की जगह समझौते के विकल्प तलाशे जाने लगे। इसी विकल्प में महापौर हरिकांत अहलूवालिया एवं कैंट विधायक अमित अग्रवाल के साथ महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज एवं भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा के द्वारा कैम्प कार्यालय पर दोनों पक्षों को बुलवा लिया।
जिसमें पार्षद संजय सैनी व अन्य पार्षदों को बुलाया गया जोकि मामले में संयुक्त संघर्ष समिति की तरफ से तमाम आरोप, प्रत्यारोप कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने के लगाए गए थे। उधर दूसरी तरफ लिपिक दिनेश कुमार व संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारी एवं अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार को भी बुलवा लिया गया। दोनों पक्षों की बातों को सुना गया।
इस दौरान लिपिक दिनेश कुमार के समर्थन में संयुक्त संघर्ष समिति नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विनेश मनोठिया, नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अनीस अहमद, महामंत्री आलोक शर्मा, जलमल कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुखवीर सिंह, महामंत्री फैय्याज हसन व संरक्षक लोकेश शर्मा शामिल हुए। दोनों पक्षों के द्वारा भविष्य में एक दूसरे का सहयोग का आश्वासन दिया गया। पार्षद संजय सैनी व लिपिक दिनेश कुमार को गले मिलवाते हुए तूल पकडेÞ इस मामले का पटापेक्ष करा दिया।

