जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: सहारनपुर हाइवे स्थित शेरपुर अड्डे पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आए एक बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, मौके पर पहुंची बिहारीगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी, मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक शेरपुर निवासी शिवकुमार के बेटे की आगामी 25 नवंबर को शादी है शिवकुमार सुबह करीब 8:00 बजे शादी के कार्ड बांटने के लिए बाइक पर सवार होकर सहारनपुर हाईवे पर पहुंचा ही था कि तेज रफ्तार मारुति स्विफ्ट कार ने शिवकुमार को सीधे टक्कर मार दी और वह लहुलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर ही शिवकुमार (45 वर्ष) की मौत हो गई, कार चालक मौके से कार छोड़कर फरार हो गया।

बिहारीगढ थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सूचना मिलते ही तुरंत फोर्स सहित मौके पर पहुंचे और मृतक शिवकुमार के शव को कब्जे में लेकर लिखा पढ़ी शुरू कर दी तथा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
हादसे की सूचना परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया, ग्रामीणों की भीड़ थोड़ी ही देर में हाईवे पर पहुंची जिसे पुलिस ने समझाकर घर वापस भेज दिया।

