जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना नागल पुलिस ने गबन के उद्देश्य से लूट की झूठी सूचना देने के मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी राजकुमार चौहान के अनुसार आरोपी के कब्जे से 14,100 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और बस की चाबी बरामद की गई है।थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार शाम को चालक सर्वजीत सिंह निवासी बंजरबाग थाना सदर होशियारपुर (पंजाब) ने पुलिस को सूचना दी थी कि ग्राम मीरपुर मोहनपुर में बिना नंबर की मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने असलहा दिखाकर उससे नकदी, मोबाइल फोन और मिनी बस की चाबी लूट ली है।
सूचना के आधार पर बस मालिक सगीर अहमद निवासी माढ़ी वाला टाउन थाना मनीमाजरा, चंडीगढ़ की तहरीर पर थाना नागल में मुकदमा दर्ज किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को कई तथ्य संदिग्ध लगे, जिस पर आरोपी चालक से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि बस मालिक से मिले ऑनलाइन और नकद पैसों को वह अपनी जरूरतों और मौज-मस्ती में खर्च कर चुका था और पैसे वापस न देने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी।
थाना प्रभारी राजकुमार चौहान ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर बस के अंदर छिपाकर रखे गए 14,100 रुपये नकद, एक वीवो मोबाइल फोन और बस की चाबी बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

