- आनलाइन आवेदन में बीएस-6 मानक की बसों को भी किया जा सकेगा स्वीकार
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: बस आपरेटरों की मांग के संबंध में आरएम स्तर से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर डीजल बसों के लिए अनुबंध किए जाने की मांग को हरी झंडी मिल गई है। रविवार से शुरू होने वाले आॅनलाइन आवेदन में बीएस-6 मानक की बसों को भी स्वीकार किया जा सकेगा।
आरएम केके शर्मा ने बताया कि बीती 19 दिसंबर को अनुबंधित बसों को लेकर उनके कार्यालय में हुई बैठक में बस आपरेटरों ने सीएनजी के साथ-साथ डीजल बसों को भी अनुबंधित करने के बारे में मांग रखी। जिसके संबंध में आरटीओ से रिपोर्ट ली गई, जिन्होंने बीएस-6 मानक की डीजल बसों के संचालन को अनापत्ति दी थी। इस संबंध में आरएम की ओर से मुख्यालय को भेजी रिपोर्ट में सीएनजी के साथ साथ बीएस-6 मानक को पूरा करने वाली बसों के साथ अनुबंध करने की स्वीकृति मांगी गई थी।
मुख्यालय ने इसके लिए हरी झंडी दे दी है। इसी के साथ रविवार से आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। गौरतलब है कि बस आॅपरेटर्स का कहना था कि सीएनजी बसें बहुत महंगी बनती हैं, इसके अलावा इनका मेंटीनेंस भी महंगा होता है।
रोडवेज बस स्टेशनों पर कोरोना के प्रति जागरूकता के पोस्टर
प्रदेश सरकार से मिले निर्देश के अनुपालन में रोडवेज अधिकारियों ने बस स्टेशनों पर कोरोना के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए पोस्टर लगाए हैं। जिनमें कोरोना से बचाव के लिए मास्क के प्रयोग के लिए जनता को जागरूक किया गया है। इसके अलावा आनलाइन टिकट की खरीद के साथ-साथ यूपीआई का प्रयोग करके टिकट का भुगतान करने की जानकारी देते पोस्टर भी स्टेशन और बसों में लगाए गए हैं।

