- तहसीलदार ने पुलिस व राजस्व टीम के साथ हटवाया कब्जा
जनवाणी संवाददाता |
गढ़ीपुख्ता: गढ़ीपुख्ता और दुल्लाखेड़ी में तालाब की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस के सहयोग से हटवा दिया। टीम की इस कार्रवाई से कब्जेधारियों में हड़कंप मचा रहा। गढ़ीपुख्ता कस्बे के हनुमान धाम के निकट तालाब पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था।
कस्बेवासियों की शिकायत के बाद शनिवार को तहसीलदार ऊन संतदास पंवार, कानूनगो राहुल मलिक, लेखपाल अनुज शर्मा, नगर पंचायत की जेसीबी व गढ़ीपुख्ता पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तथा तालाब पर किए गए अवैध कब्जे को ध्वस्त कराते हुए वहां खाई खोद दी।
इस दौरान कब्जा करने वाले भी मौके पर पहुंच गए लेकिन राजस्व टीम व पुलिस की सख्ती के चलते वे विरोध नहीं कर पाए। तहसीलदार ने कब्जेधारियों को कड़ी चेतावनी दी कि यदि उन्होंने भूमि पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी।
इसे बाद क्षेत्र के गांव दुल्लाखेड़ी पहुंची टीम ने तालाब की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटवा दिया। तहसीलदार संतदास ने बताया कि तालाबों की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने का अभियान शुरू किया गया है। सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

