- एक प्लाट में हत्या कर जलाया था शव, प्लाट में अधजला शव देख आसपास में मचा हड़कंप
- एसपी सिटी, सीओ कोतवाली व थाना इंस्पेक्टर पहुंचे मौके पर, चंद घंटों में ही पुलिस ने किया खुलासा
जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: दो नाबालिग दोस्तों ने नशा करने को लेकर हुए विवाद में अपने नाबालिग दोस्त की पत्थर मारकर हत्या कर दी। इसके बाद दोस्त के शव को बुढाना गेट स्थित एक खाली प्लाट में ले जाकर जला दिया। शनिवार सुबह प्लाट में अधजला शव देख आसपास में सनसनी फैल गई और थाना कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद एसपी सिटी, सीओ कोतवाली व एसओ ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में ही दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पूरा खुलासा कर दिया।
थाना कोतवाली प्रभारी आशुतोष ने बताया कि थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के आम का पेड़ गली नंबर पांच निवासी (16) अशरफ, इमली वाली मस्जिद जैदी फार्म निवासी (14) बिलाल पुत्र अदनान व के ब्लॉक थाना मेडिकल निवासी (16) शांतनु पुत्र निवासी राजेंद्र यह तीनों स्लोचन का नशा करने के आदि है। शुक्रवार रात एक बजे अशरफ व शांतनु के बीच स्लोचन का नशा करने को लेकर विवाद हो गया था।
जिसके बाद अशरफ को शांतनु व बिलाल को बुढ़ाना गेट के पास एक खाली प्लाट में ले गए। जहां पर दोनों ने अशरफ के सिर में पत्थर से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने अशरफ की पहचान मिटाने के लिए पहले उसके चेहरे पर पत्थरों से वार किया बाद में उसके ऊपर स्लोचन डालकर आग लगाकर फरार हो गए। शनिवार सुबह आसपास के लोगों ने जब प्लाट में अधजला शव देखा तो कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण, सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया व थाना प्रभारी आशुतोष मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि पुलिस अभी हत्यारोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से हत्यारोपियों तक पहुंची पुलिस
शनिवार सुबह वेदपाड़ा के रहने वाले संजय पुत्र नंदकिशोर के प्लाट में एक नाबालिग का अधजला शव मिलने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन जब शव की शिनाख्त नहीं हो पाई तो पुलिस ने अज्ञात में शव को मोर्चरी भिजवा दिया।
हालांकि इसके बाद पुलिस ने आसपास में लगे सीसीटीवी टीवी फुटेज खंगाली तो पूरा मामला समझ में आ गया। जिसके बाद पुलिस ने बिलाल व शांतनु को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने पूरा घटनाक्रम बताते हुए अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों नाबालिगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पैसे मांगने पर मजदूर को पीटकर किया अधमरा
हुमायूंनगर के रहने वाले एक युवक को गत्ता गोदाम मालिक से अपनी मजदूरी मांगनी भारी पड़ गई। मजदूरी मांगने पर गोदाम मालिक ने युवक को बंधक बनाकर बेल्ट व लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद उसे सड़क पर छोड़ दिया। घायल युवक किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद घायल ने परिजनों के साथ लिसाड़ी गेट थाने में पहुंचकर गोदाम मालिक के खिलाफ केस दर्ज कराया।
पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र के हुमायूंनगर के रहने वाले मोबीन पुत्र बंधु ने पुलिस को बताया कि वह समर गार्डन स्थित इमरान के गत्ते के गोदाम में कई साल से मजदूरी कर रहा था। इमरान पर उसकी मजदूरी के 80 हजार रुपये निकल रहे थे। शुक्रवार रात में वह इमरान के गोदाम पर समर गार्डन पहुंचा और अपनी मजदूरी के पैसे मांगे।
मोबीन का आरोप था कि पैसे मांगने पर इमरान ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बंधक बना लिया और बेल्ट व लाठी-डंडों से मारपीट की। जब वह अधमरी हालत में हो गया तो इमरान ने उसे सड़क पर छोड़ दिया। इसके बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंचा और घटना की जानकारी परिजनों को बताई। जिसके बाद वह परिजनों को लेकर लिसाड़ी गेट थाने पहुंचा। जहां पर पुलिस ने मोबीन की शिकायत पर इमरान के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाजपा नेता ने किसान को पीटा रायफल तानी
खरखौदा थानांतर्गत अतराड़ा निवासी एक एक युवक ने खुद को भाजपा नेता बताकर अपने भाई के साथ मिलकर किसान के साथ मारपीट की। आरोपी ने किसान पर रायफल भी तान दी। शोर होने पर आसपास के किसानों ने पहुंचकर उससे रायफल छीनकर दोनों पक्षों को समझाया। घटना का वीडियो मीडिया पर वायरल हो गया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अतराड़ा निवासी दिनेश पुत्र जयप्रकाश का आरोप है कि खुद को भाजपा नेता बताने वाला उमेश त्यागी पुत्र मंगू अपने भाई दिनेश के साथ उसकी गेहूं की खड़ी फसल में ट्रैक्टर-ट्रॉली निकाल कर ले जा रहा था। विरोध करने पर आरोपितों ने मारपीट करते हुए उस पर रायफल तान दी। आरोप है कि उमेश त्यागी सत्ता पक्ष के एक विधायक का करीबी है और खुद को जिला पंचायत का वार्ड-22 से भाजपा टिकट का दावेदार भी बताता है।
पीड़ित का आरोप है कि उमेश अपनी गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगाकर दबंगई करता है। इंस्पेक्टर ऋषिपाल शर्मा ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

