- नौचंदी ग्राउंड में चार माह पूर्व बनी लाखों रुपये की सड़क की हालत बद से बदतर
- पूर्व पार्षद ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नौचंदी ग्राउंड में मेले से पूर्व करीब दस लाख रुपये की लागत से तिरंगा गेट से पटेल मंडप जाने वाले रास्ते पर तारकोल वाली सड़क का निर्माण कराया गया था। नौचंदी परिसर में कूड़ा डाला जाता है और फिर उस कूड़े को वहां से हटवाकर लोहियानगर स्थित प्लांट भिजवाया जाता है। जिसमें बीवीजी कंपनी द्वारा जेसीबी से कबाड़ के भरने के दौरान सड़क के खुर्द-बुर्द होने की बात निर्माण विभाग कर रहा है। जबकि बीवीजी कंपनी के सुपरवाइजर का कहना है कि सड़क उनकी जेसीबी से नहीं बल्कि खुद ही खुर्द-बुर्द हो रही है।
फिलहाल आरोप, प्रत्यारोप के बीच चार महीने में ही 10 लाख रुपये कीमत से बनी सड़क गायब हो चुकी है। निर्माण विभाग इस मामले में ठेकेदार को बचाने व बीवीजी कंपनी को नोटिस डालने की तैयारी कर रहा है। जिसमें पूर्व पार्षद गफ्फार ने इस संबंध में निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं करने पर मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भेजकर की। जिसमें बताया कि आखिर 10 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क गायब हो गई। उसके लिए जो भी जिम्मेदार है, जिसमें निर्माण विभाग के जेई या फिर निर्माण करने वाला ठेकेदार हो, चाहे बीवीजी कंपनी रही हो। फिलहाल इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
नौचंदी परिसर में लाखों रुपये की लागत से चार माह पूर्व बनी तारकोल वाली सड़क फिलहाल खुर्द-बुर्द होने की शिकायत आई है। जिसमें जेई पदम सिंह को मामले की जांच सौंपी गई है। सड़क में जितना नुकसान हुआ है, उसकी वसूली के लिए बीवीजी कंपनी को पत्र लिखा जायेगा, ताकि सड़क को खुर्द-बुर्द करने वालों से जुर्माने के रूप में वसूली की जा सके।
-राजवीर सिंह, अधिशासी अभियंता निर्माण विभाग

