जनवाणी ब्यूरो
नई दिल्ली: देश के और ज्यादा राज्यों में कोविड-19 संक्रमण की दूसरी लहर पहुंच चुकी है। वहीं मध्यप्रदेश और पंजाब जैसे राज्य टीकाकरण में पीछे छूट रहे हैं। सोमवार को रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की अध्ययन शाखा ने यह रिपोर्ट जारी करते हुए बताया कि 11 अप्रैल तक महाराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और गुजरात में देश के 66 प्रतिशत मामले हैं। पिछले हफ्ते यह आंकड़ा 75 प्रतिशत था।
यह दर्शाता है कि नए राज्य कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की चपेट में आ रहे हैं। अध्ययन के अनुसार जांच में इजाफा भी नए मामले बढ़ते हुए नजर आने की एक वजह हो सकता है। लेकिन इस बार कुल जांच में संक्रमित 10.6 प्रतिशत मिल रहे हैं, जबकि पिछली बार सितंबर 2020 में यह संख्या 6.4 प्रतिशत थी।
रिपोर्ट के अनुसार गुजरात व छत्तीसगढ़ दूसरी लहर से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए नये राज्य हैं। हालांकि यहां टीकाकरण भी सबसे ज्यादा हुआ है। दूसरी ओर टीकाकरण में पंजाब व मध्यप्रदेश पीछे छूट रहे हैं।
मुंबई, बंगलूरू, अहमदाबाद आदि में यातायात घट रहा है, कुछ जगह यह पिछले वर्ष अप्रैल के स्तर पर पहुंच गया है। विदेशी स्टॉक ब्रोकर फर्म बार्कलेज का मानना है कि अगर आवागमन पर प्रतिबंध लगे या अगले दो महीने में महाराष्ट्र का सप्ताहांत लॉकडाउन जारी रहा तो यह जीडीपी को 0.2 प्रतिशत का नुकसान करेगा। फिलहाल बार्कलेज का मानना है कि जीडीपी करीब 11 प्रतिशत रह सकती है।
बार्कलेज का अनुमान है कि इस वर्ष अगस्त तक देश के 30 करोड़ नागरिकों को टीका लग चुका होगा। वहीं साल खत्म होने तक संख्या 50 करोड़ पहुंच जाएगी।

