- एसडीएम और सीओ मौजूदगी में निर्माण किया गया ध्वस्त
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: पानीपत-खटीमा हाइवे पर गांव मन्ना माजरा के पास अशोक शर्मा निवासी शामली ने सड़क किनारे स्कूल व शिव मंदिर बना रखा था। शिव मंदिर और स्कूल निर्माणाधीन हाईवे की जद में आ गए थे। इस पर एक साल पहले अशोक शर्मा को मुआवजे की धनराशि जारी कर दी गई थी। लेकिन अशोक शर्मा भूमि अधिक बताते हुए अधिक मुआवजे की मांग कर रहे था। जिस कारण उन्होंने स्कूल व मंदिर से कब्जा नहीं हटाया था। रविवार को एसडीएम कैराना शिव प्रकाश यादव, सीओ कैराना अमरदीप मौर्य एवं कोतवाली प्रभारी पंकज त्यागी मौके पर पहुंचे।
इसके बाद हाइवे निर्माण कंपनी के कर्मचारियों ने जेसीबी से मंदिर व स्कूल भवन को गिराकर भूमि को एनएचएआई के अधिकारियो के हवाले कर दी।
एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने बताया कि अशोक शर्मा की पत्नी मालती शर्मा के नाम 270 वर्गमीटर जमीन थी जबकि अशोक शर्मा अपनी जमीन 325 मीटर बता कर मुआवजे की मांग कर रहे थे। मुआवजा एक साल पहले जारी कर दिया था लेकिन वो अपने खाते में नहीं ले रहे थे। जमीन की कई बार पैमाईश भी करायी गई थी। रविवार को जमीन को कब्जे में ले लिया है। साथ ही, शिवलिंग को विधि विधान के साथ यमुना नदी में प्रवाहित कर दिया गया है।

