- चार दिन तक मेरठ समेत आसपास में चलेगी लू
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: लगातार मौसम में बद्लाव के चलते गर्मी का असर कम होता नहीं दिख रहा है। मंगलवार को भी मौसम काफी गर्म दिखाई दिया। लेकिन शाम के समय फिर से तेज आंधी चली और आसमान पर काले बादल छाए मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी चार-पांच दिन लू का असर बना रहेगा। वेस्ट में तेजी से बढ़ रही गर्मी के साथ शहरवासी हलकान हो रहे हैं। मंगलवार सुबह से लेकर शाम तक मौसम पूरी तरह से गर्म बना हुआ था तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर चल रहा है।
पिछले कुछ दिनों से हवा की गति शांत होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और यही कारण है कि रात में भी मौसम गर्म हो रहा है। मंगलवार को मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि अधिकतम आर्द्रता 43 और न्यूनतम 26 दर्ज की गई। मंगलवार को ईयर क्वालिटी इंडेक्स में भी बढ़ोतरी हो गई। बागपत का 200, गाजियाबाद का 164, मेरठ का 177, मुजफ्फरनगर का 256 और जयभीमनगर का 158, गंगानगर का 173, पल्लवपुरम का 200 दर्ज किया गया।
- गर्मी बढ़ने के हैं आसार
मंगलवार को कहीं-कहीं संभावित बूंदाबांदी के बाद अगले 5 दिन 28 अप्रैल तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने, लू चलने के साथ गर्मी बढ़ने के आसार है। दिन का तापमान 38 से 43 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है। -प्रो. यूपी शाही, मौसम वैज्ञानिक कृषि विवि

