नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र के निधन की खबर ने पूरे फिल्म उद्योग को सदमे में डाल दिया है। 89 वर्षीय सुपरस्टार ने मंगलवार सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। लंबे समय से चल रहे स्वास्थ्य संघर्ष के बाद उनके जाने से एक सुनहरा अध्याय समाप्त हो गया।
अस्पताल से लेकर घर तक शोक की लहर
सुबह जैसे ही खबर फैली, अस्पताल के बाहर फैन्स और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर होते-होते उनका पार्थिव शरीर जुहू स्थित उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए लाया गया। घर के बाहर हजारों लोग उमड़े जिनके चेहरों पर अपने चहेते स्टार को खोने का दर्द साफ झलक रहा था।
सेलेब्रिटीज़ पहुंचे अंतिम दर्शन को
धर्मेंद्र के अंतिम संस्कार में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पहुंचे। अमिताभ बच्चन भावुक नजर आए और उन्होंने कहा, “धर्मेंद्र सिर्फ अभिनेता नहीं थे, इंसानियत की मिसाल थे। सलमान खान देर रात शूटिंग छोड़कर पहुंचे और धरम पाजी के परिवार के साथ कुछ देर तक रहे। शाहरुख खान भी काले कपड़ों में पहुंचे और गेट पर ही मीडिया से हाथ जोड़कर शोक व्यक्त किया।रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, अक्षय कुमार, अजय देवगन, नाना पाटेकर, परेश रावल, सहित कई दिग्गज चेहरे अंतिम दर्शन के लिए मौजूद रहे। पूरी देओल फैमिली सनी देओल, बॉबी देओल और ईशा देओल अपने पिता के पास से एक पल भी दूर नहीं हुए।
अंतिम यात्रा में उमड़ा सागर जैसा जनसमूह
शाम चार बजे उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई। गाड़ियों का लंबा काफिला, सड़क किनारे खड़े हजारों लोग और हवा में गूंजता “हम तुमसे प्यार करते हैं धर्मेंद्र जी हर किसी की आंख नम कर गया।
अंतिम संस्कार विले पार्ले के स्मशान घाट में पूरे सम्मान के साथ किया गया। सनी देओल ने मुखाग्नि दी। इस दौरान फैन्स ‘धरम पाजी अमर रहें’ के नारे लगाते दिखे।

