- बिना अनुमति के ले जा रहे थे रुपये, चुनाव चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लोकसभा चुनाव में आचार संहिता के चलते टीपी नगर पुलिस ने मंडी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक कार में सवार दो लोगों से आठ लाख नौ हजार की करेंसी बरामद की है। पुलिस की गिरफ्त में आये लोगों के अनुसार बरामद करेंसी जीरे के कलेक्शन के दौरान व्यापारियों से एकत्र की थी। दोनों लोग बिना अनुमति के आठ लाख की रकम लेकर जा रहे थे। पुलिस कार से बरामद रुपये की गहनता से जांच पड़ताल में जुटी है।
टीपी नगर पुलिस शुक्रवार को टीपी नगर मंडी क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने चेकिंग के लिए यूपी-15सीएक्स 6111 को रोककर चेकिंग कर तलाश ली। कार में सवार दो लोगों के पास से 8 लाख 9850 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने कार में सवार लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम सचिन पुत्र सोदान सिंह 30वर्ष,निवासी ग्राम बिहारीपुर थाना बागपत, सौरभ पुत्र किशनपाल 31 वर्ष निवासी ग्राम बिहारीपुर बताये। कार की जांचपड़ताल की गई तो वह हिमांशु गुप्ता निवासी मंडी टीपी नगर के नाम से पाई गई।

पुलिस पूछताछ में हिरासत में लिये गये सचिन और सौरभ ने बताया कि वह जीरे का व्यापार करते हैं। उन्हें यह करेंसी जीरे का पेमेन्ट एकत्र करने से मिली है। वह व्यापारियों से कलेक्शन करने आये थे। पुलिस हिरासत में लिए गये दोनों लोगों से पूछताछ में जुटी है। थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने चेकिं ग के दौरान कार से आठ लाख नौ हजार आठ सौ पचास रुपये कार से बरामद किये हैं। पकड़े लोगों के पास इतनी रकम को ले जाने क ी कोई अनुमति नहीं थी। बिना अनुमति के ले जा रही नकदी को पुलिस ने जब्त कर लिया। बरामद नकदी को पुलिस ट्रेजरी में जमा करायेगी।
प्रेक्षक ने विकास भवन में ली बैठक
मेरठ: शुक्रवार को व्यय प्रेक्षक गोपाल कृष्ण झा 46 किठौर, 47 मेरठ कैंट, 48 मेरठ तथा कुणाल कुमार व्यय प्रेक्षक 49 मेरठ साउथ एवं 59 हापुड़ विधानसभा द्वारा विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एआरओ, आबकारी, इनकम टैक्स, जीएसटी प्रभारी अधिकारी पुलिस व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों आदि के साथ बैठक की। बैठक में उपस्थित अधिकारियों से स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराए जाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में उन्हें चुनाव आयोग द्वारा चुनावी खर्चे से संबंधित जानकारी के साथ-साथ, चुनावी बैंक अकाउंट व रजिस्टर कैसे मेंटेन किया जाए? आदि के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। सहायक व्यय प्रेक्षक व लेखा टीम तथा संबंधित विधानसभा के सहायक रिटर्निंग आॅफिसर को चुनावी खर्च, चुनाव में लगी सभी टीमों के कार्य व उत्तरदायित्व के बारे में जानकारी दी गई तथा सभी एआरओ को टीमों की मॉनिटरिंग करने के लिए दिशा निर्देशित किया गया।
सी विजिल ऐप्प निष्पक्ष चुनाव कराने में बनेगा सहायक: डीएम
मेरठ: जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने आमजनमानस के लिए सी-विजिल मोबाइल ऐप विकसित किया है। इस ऐप के माध्यम से नागरिक विभिन्न तरीके से शिकायत दर्ज कर सकते हैं। सी-विजिल मोबाइल ऐप को गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। सी-विजिल मोबाइल ऐप में आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी फोटोग्राफ, वीडियो या आॅडियो अपलोड कर सकते हैं। शिकायत दर्ज करने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता को शिकायत करने के लिए अपना नाम और मोबाइल नंबर देने की कोई बाध्यता नहीं है,
लेकिन अगर शिकायतकर्ता अपने नाम या मोबाइल नंबर से शिकायत करता है तो अपनी शिकायत की स्थिति में हुई कार्रवाई को अपने मोबाइल पर देख सकता है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर सी-विजिल ऐप में धनराशि वितरण, गिफ्ट/कूपन वितरण, शराब वितरण आदि शिकायतों के अतिरिक्त बिना अनुमति पोस्टर, बैनर लगाना, बिना अनुमति बैठक करना, बिना अनुमति के प्रचार में गाड़ी लगाना, धार्मिक तथा उन्मादी भाषण करने सम्बन्धी परिवाद अंकित किये जाते हैं। उन्होंने बताया कि बचत भवन स्थित कंट्रोल रूम में लगातार सी-विजिल एप की चुनावकर्मियों द्वारा निगरानी की जा रही है। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित टीम द्वारा कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।

