- औद्योगिक क्षेत्र कंडेला की फैक्ट्री में मजदूरी करते थे दोनों युवक
- नर्सिंग होम में चिकित्सक पर लापरवाही के आरोप पर हंगामा
- सुबह के समय लिलौन से खेड़ी होते हुए कंडेला जा रहे थे युवक
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पानीपत-खटीमा हाइवे पर शहर में पूर्वी यमुना नहर के निकट अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार दो युवक सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे। दोनों युवक औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टी में जा रहे थे। दुर्घटना में गंभीर घायल युवकों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें रैफर कर दिया।
परिजन ने घायलों को नर्सिंग होम में भर्ती कराया जहां समय पर उपचार नहीं मिलने पर दोनों युवकों की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने हंगामा प्रदर्शन भी किया। वहीं पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं आरोपी चालक को ट्रैक्टर-ट्राली समेत हिरासत में ले लिया है।

शामली कोतवाली के खेड़ीकरमू निवासी शादाब पुत्र पप्पन और गांव लिलौन निवासी साकिब पुत्र अंसार शामली के गांव कंडेला औद्योगिक क्षेत्र में एक बर्तन फैक्ट्री में काम करते थे। बुधवार की सुबह को दोनों युवक बाइक से गांव खेड़ीकरमू होते हुए फैक्ट्री में जा रहे थे।
जब बाइक सवार पेट्रोल पंप से थोड़ा आगे पूर्वी यमुना नहर के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे दोनों युवक बाइक से उछलकर काफी दूर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास लोगों ने दौड़कर ट्रैक्टर-ट्राली चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

जिसके बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को शामली के नर्सिंग होम में भर्ती कराया और आरोपी चालक को ट्रैक्टर-ट्राली समेत हिरासत में ले लिया। उधर नर्सिंग होम में साकिब की दशा गंभीर होने के कारण उसे मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन साकिब को मेरठ के लिए ले गए। वहीं दोपहर बाद उपचार के दौरान दोनों युवकों की मौत हो गई। युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
शादाब के परिजनों ने नर्सिंग होम में डाक्टरों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि चिकित्सक ने पहले ही एक लाख रुपये एडवांस जमा करा लिए थे। लेकिन समय से उपचार शुरू नहीं किया था। उपचार में देरी व लापरवाही से शादाब की मौत हो गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत किया।
पुलिस ने शादाब के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भे दिया। जबकि साकिब के शव का पोस्टमार्टम मेरठ में ही होकर आएगा। शादाब के पिता पप्पन ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी ट्रैक्टर चालक और चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दोनों युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

