जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पूर्वा अहिरान में नाले व सीवर लाइन चौक हो जाने पर लोगों ने शुक्रवार को सड़क पर एकत्र होकर खूब हंगामा किया। लोगों ने यहां अधिकारियों पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। इस दौरान क्षेत्र के व्यापारी भी यहां एकत्र हो गये और हंगामा शुरू कर दिया जिसके बाद यहां हंगामे की सूचना पर पहुंचे नगर निगम अधिकारियों ने सीवरेज लाइन खुलवाई और व्यवस्था को सुचारू कराया।
नगर निगम पार्षद टीसी मनोठिया ने बताया कि नगर निगम वार्ड-47 के पूर्वा अहिरान क्षेत्र में नाले व सीवर लाइन चौक हो चुकी हैं। बाहर चैंबर भी ध्वस्त हंै, जिस कारण क्षेत्र में नाले नालियों का पानी सड़कों पर आ गया है और यहां रहना लोगों के लिये दुभर हो गया है।
नाले नालियां टूटी जर्जर होने के कारण जलभराव हो गया है और यहां से निकलना तक मुश्किल हो गया है। कई बार अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन इस विषय में कोई सुनवाई नहीं हो रही।
लोगों का आरोप है कि यहां सीवरेज लाइन के लिये 7:30 करोड़ रुपये का बजट बच्चा पार्क हापुड़ रोड तक सीवर लाइन रिपेयर करने का पास हो चुका है। जिस पर अभी तक कोई कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। इसके लेकर व्यापारियों ने भी नाराजगी जताई है।
यहां के व्यापारियों ने इसे लेकर शुक्रवार को ईव्ज चौराहे पर हंगामा किया और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। आसपास के क्षेत्र के लोग भी यहीं एकत्र हो गये और हंगामा करने लगे।
हंगामे के बाद पहुंचे अधिकारी
हंगामे की सूचना के बाद यहां नगर निगम के अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता निर्माण विभाग तथा सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता जलकल दुष्यंत कुमार मौके पर पहुंचे और जलकल विभाग ने सीवर जेटिंग मशीन लगाकर जलभराव को कम किया।
इस दौरान यहां सहायक नगर आयुक्त ब्रजपाल सिंह व सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय भी पहुंचे और लोगों को आश्वासन दिया कि यहां जल्द ही कार्य शुरू कराया जायेगा। इस मौके पर उन्होंने पूर्वा अहिरान से इंदिरा चौक तक नाले की सफाई के लिए सूरजकुंड डीपो प्रभारी अरुण खरखोदिया को निर्देश भी दिये।
यहां उन्होंने जेसीबी और पोर्कलेन मशीन द्वारा नाले की सफाई कराई व नाले के ऊपर लगाये गये स्लैब को हटाकर सफाई कराई। उन्होंने कहा कि यहां कुछ लोगों ने नाले पर दीवार बनाकर अतिक्रमण किया है जिससे यह दिक्कतें आ रही हैं।
उन्होंने व्यापारियों से कहा कि वह नाले के ऊपर लोहे के स्लैब लगवायें, जिससे कोई समस्या न हो। इसके बाद नगरायुक्त मनीष बंसल ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और लोगों को कार्य कराये जाने का आश्वासन दिया। यहां व्यापारी नेता सुधांशु महाराज, नरेंद्र उपाधाय समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
प्रीत विहार में भी जलभराव से बदतर हुए हालात
मेरठ: वार्ड-67 प्रीत विहार में भी सीवरेज चौक होने के कारण हालात खराब हो चुके हैं। नालियों का पानी सड़कों पर भरा हुआ है। जिसके कारण यहां बीमारी फैलने की आशंक बनी है। कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन यहां कोई कुछ करने को तैयार नहीं है। इसे लेकर क्षेत्रवासियों ने मंडलायुक्त से शिकायत करने की बात कही है।
एक ओर से स्वच्छ भारत का सपना पूरा करने की बात की जा रही है, लेकिन यहां जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। शहर के पॉश एरिया वार्ड-67 में प्रीत विहार में पिछले एक सप्ताह से हालात बदतर हैं। यहां सीवरेज लाइन चौक है, लेकिन अधिकारियों से कहने के बाद भी कोई कार्य नहीं किया जा रहा है।

क्षेत्र वासियों ने इसे लेकर नगरायुक्त, सफाई इंस्पेटर, जल कल विभाग समेत तमाम अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि यहां सीवर का पानी गलियों में भरा है और उसके बीमारी फैलने की आशंका लगातार बनी हुई है।
अभी हाल ही में इसे लेकर पार्षद से भी शिकातय की गई थी, लेकिन यहां कोई कार्य नहीं हुआ। अधिकारी यहां कार्य करने को तैयार नहीं है। क्षेत्रवासियों ने इसकी शिकायत मंडलायुक्त से करने की बात कही है।

