- फायर स्टेशन पर स्मृति परेड का आयोजन कर रखा गया मौन
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: अग्नि शमन विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि शमन सेवा सेवा सप्ताह स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। बुधवार को अग्नि शमन केंद्र सदर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में स्मृति परेड का आयोजन कर शहीद हुए अग्निशमन कर्मचारियों को श्रद्धाजंलि अर्पित दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की गई।
बुधवार को अग्निशमन केंद्र सदर परिसर में मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में अजीज खान अग्नि शमन द्वितीय अधिकारी फायर स्टेशन सदर शामली द्वारा अपनी फायर सर्विस टीम के साथ फायर स्टेशन पर स्मृति-परेड का आयोजन किया गया।
जिसमें वीर गति को प्राप्त शहीदों के स्मृति चिन्ह पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों एवं कर्मचारियों को फ्लैग पिन भी लगाये गए। मुख्य अग्नि शमन अधिकारी ने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को मुम्बई बन्दरगाह पर स्थित फोर्ट स्टीकेन नाम के जहाज मे भीषण अग्नि दुर्घटना हो गई थी।

आग पर अग्नि शमन कार्य करते समय जहाज में एक भंयकर विस्फोट हो गया था। जिसमे अग्नि शमन विभाग के 60 अधिकारी/कर्मचारी कर्तव्य का पालन करते हुये शहीद हो गए थे। शहीद अग्नि शमनकर्मियों को श्रद्वांजलि अर्पित करने के लिये प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को अग्नि शमन सेवा स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।
अग्नि शमन द्वितीय अधिकारी अजीज खान ने बताया कि ने बताया कि वर्ष 2020 में जनपद शामली के नगरीय एवं देहात क्षेत्र की तीनों तहसील क्षेत्र में 99 अग्निकाण्ड की घटनायें घटित हुई जिसमे अग्नि शमन वाहनों के साथ फायर सर्विस स्टाफ तत्परता पूर्वक समय से घटनास्थल पर पहुंचकर राजकीय एवं जनता की करोड़ों रुपए की सम्पत्ति को बचा लिया गया।
गुरुवार को फायर स्टेशन से रैली निकाल कर जनता को आग के प्रति जागरूक किया जाएगा। 16 अप्रैल को शिक्षा संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संबंधित चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 17 से 19 अप्रैल तक जनपदीय मुख्यालयों व तहसील स्तर प बहुखंडीय भवनों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, सभागारों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा जनजागरण, आग से बचाव के बारे में टिप्स जाएंगे। 20 अप्रैल को ग्रामीण अंचलों मे ंप्रभारी अग्निशमन अधिकारी द्वारा अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

