- मृतक व्यापारी के दोनों पुत्रों की हालत गंभीर
जनवाणी संवाददाता |
परीक्षितगढ़: किठौर-परीक्षितगढ़ मार्ग गांव कैलीरामपुर के समीप छोटा हाथी में सवार चार पशु व्यापारी की शीरे से भरे ट्रक की भिड़ंत से दो पशु व्यापारी और एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। थाना फलावदा गांव सनौता निवासी नसीम पुत्र जाकिर किराए पर छोटा हाथी चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। पड़ोसी गांव गड़ीना निवासी महावीर पशु व्यापारी है।
गुरुवार को पशु व्यापारी महावीर पुत्र खीमचंद व उसके दो पुत्र महेश, रितेश के साथ किराए पर नसीम का छोटा हाथी लेकर थाना सिंभावली के गांव अठसैनी पशु पैंठ में पशु खरीदने गया था। महावीर ने पशु पैंठ से एक भैंस खरीद कर छोटा हाथी में भैंस लेकर गांव लौटते समय जैसे ही छोटा हाथी किठौर-परीक्षितगढ़ मार्ग स्थित गांव कैलीरामपुर के समीप पहुंचा, तभी सामने से आ रहा शीरे से भरे टैंकर की आमने-सामने की भिडंÞत हो गई।
जिसमें छोटा हाथी चालक नसीम पुत्र जाकिर, पशु व्यापारी महावीर व एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई और महावीर के दोनों पुत्र महेश व रितेश भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए मेरठ अस्पताल भेजते हुए दोनों शवों का पंचनामा भरकर मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस ने घटनास्थल से कैंटर व छोटा हाथी को कब्जे में लेते हुए थाने ले आए।

