- शामली ब्लॉक क्षेत्र में लगी थी ड्यूटी, झिंझाना में हादसा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: झिंझाना के राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कालेज में अपनी पीठासीन अधिकारी अपनी पत्नी को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव ड्यूटी के लिए छोड़कर कार से शामली आ रहे दो पीठासीन अधिकारी उस समय गंभीर रूप से घायल हो गए जब अचानक उनकी कार के आगे एक नील गाय आ गई।
नील गाय के टकराने से कार अचानक सड़क किनारे पलट गई। जिससे दोनों पीठासीन अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको शामली स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक पीठासीन अधिकारी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शामली स्थित ब्रिगेडियर होशियार सिंह मैमोरियल इंटर कालेज से रविवार को पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। पीठासीन अधिकारी पवन कुमार की ड्यूटी शामली ब्लॉक क्षेत्र में लगी थी जबकि उनकी पत्नी अंजना सिंह की ड्यूटी पीठासीन अधिकारी के रूप में ऊन ब्लॉक क्षेत्र में लगी थी।
पवन कुमार प्रात: के समय अपनी पत्नी को झिंझाना स्थित राष्ट्रीय शिक्षा सदन इंटर कालेज में चुनाव ड्यूटी के लिए छोड़कर अपने साथी अमित कुमार के साथ कार से शामली आ रहे थे। अमित कुमार की ड्यूटी भी पीठासीन अधिकारी के रूप में शामली ब्लॉक क्षेत्र में लगी है।
बताया गया कि जब वे मेरठ-करनाल हाइवे पर झिंझाना कस्बा से कुछ आगे पेटोल पंप के पास पहुंचे तो अचानक एक नील गाय उनकी कार के आगे आ गई। नील गाय से टकराकर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।
उधर, से गुजर रहे राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल पवन कुमार और अमित कुमार को एंबुलेंस मंगाकर शामली स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पवन कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। पोलिंग पार्टियों के साथी ने उनके सड़क हादसे में घायल होने की सूचना निर्वाचन अधिकारी को दी जिस पर उनकी चुनाव ड्यूटी काट दी गई है।

