- डॉ. संजीव बालियान ने की डीएस एग्रो की जांच कराने की घोषणा
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर में 70 करोड़ की लागत से बन रही काऊ सेंचुरी पर हाईकोर्ट से स्टे ऑर्डर लाने वाले DS एग्रो डेवेलपर्स कंपनी पर केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि वह ग्रुप की कार्यप्रणाली की जांच कराएंगे।
साथ ही घोषणा की कि किसी भी सूरत में पुरकाजी खादर में काऊ सेंचुरी बन कर रहेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री ने किसानों के ट्यूबवेलों पर लगाए जा रहे बिजली मीटर का भी विरोध किया। उन्होंने यूपी सरकार की ओर से पेश किए गए बजट की प्रशंसा की।
शनिवार को सिंचाई विभाग के डाक बंगले पर केंद्रीय राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद डॉ संजीव बालियान ने कहा कि निराश्रित गोवंश से जनपद वालों को निजात दिलाने के लिए वह पुरकाजी खादर के मेघा चंदन गांव में काऊ सेंचरी स्थापित करा रहे हैं, लेकिन DS एग्रो डेवेलपर्स को यह हज़म नहीं हो रहा।
उन्होंने कहा कि वह इस व्यापारिक संस्थान की जांच कराएंगे। डॉक्टर संजीव बालियान ने कहा कि काऊ सेंचुरी जनपद में हर हालत में स्थापित होकर रहेगी। उन्होंने बिजली मीटर का विरोध कर रहे किसानों का साथ देने की बात की। उन्होंने कहा कि वह किसानों के ट्यूबवेलों पर बिजली मीटर लगाए जाने के विरोध में है।
राज्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश के बजट की प्रशंसा की। कहा कि 2014 से पूर्व की सरकारों की तरह लोकलुभावन बजट पेश किया जाना बंद हो गया है। अब इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम चल रहा है। क्योंकि भाजपा से पूर्व की सरकार दिखावे का बजट पेश करती थी। कहा कि जब से 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनी थी, उस समय देश विश्व की दसवीं इकोनॉमी में शुमार होता था, लेकिन आज भारत 5 पायदान ऊपर उछलकर विश्व की पांचवीं इकोनामी बन चुका है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार अब इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को 2.2 लाख करोड़ रुपये की सम्मान निधि का बजट पारित किया गया है। यह भी स्वागत योग्य है। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला भी मौजूद रहे।

