जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: देहरादून-हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया हॉस्पिटल में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक अस्पताल में आग एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में धुआं फैल गया और मरीजों व स्टाफ के बीच हड़कंप मच गया।
अस्पताल के आईसीयू में छह मरीज भर्ती
घटना के समय अस्पताल के आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। धुआं फैलते ही अस्पताल प्रशासन, राहत टीमों और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में उन्हें उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी घायल
आग और धुएं की चपेट में आने से अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी घायल हो गए। घायलों को भी इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सभी की हालत फिलहाल स्थिर है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
मौके पर पहुंचे एसएसपी प्रमोद डोबाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और सभी मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

