- हीमपुर दीपा थाने में ड्यूटी कर गांव वापस लौटते समय हुआ हादसा
जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: हीमपुर दीपा थाने में ड्यूटी समाप्त कर वापस ग्राम संसारपुर लौट रहे होमगार्ड के जवान की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। होमगार्ड की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्तःपरीक्षण के लिए बिजनौर भेज दिया।
स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम संसारपुर निवासी बालेश कुमार होमगार्ड विभाग में कार्यरत था। वर्तमान में बालेश की ड्यूटी हीमपुर दीपा थाने में चल रही थी। वह प्रतिदिन बाइक पर सवार होकर ड्यूटी करने जाता था, और शाम के समय ड्यूटी समाप्त होने पर वापस घर लौटता था।
शनिवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद होमगार्ड अपनी बाइक पर सवार होकर लगभग 6 बजे वापस अपने गांव लौट रहा था । होमगार्ड की बाइक जब वास्टा के निकटवर्ती ग्राम बोहरा के पास पहुंची तो मोड़ पर विपरीत दिशा से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
वाहनों की जोरदार भिड़न्त में बाइक सवार होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया था । सूचना पर पहुंचे परिजन घायल होमगार्ड को इलाज के लिए अमरोहा जनपद के धनोरा स्थित सरकारी चिकित्सालय ले गए थे। चिकित्सालय में इलाज के दौरान होमगार्ड ने दम तोड़ दिया।
बालेश की मौत का पता लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार की दोपहर बाद कोतवाली पहुंचे उसके पिता रामपाल सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस में तहरीर मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर अन्तःपरीक्षण के लिए बिजनौर भेज दिया।

