- विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल यूनिफार्म वितरित की
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: विकासखंड के ग्राम पंचायत लाहक खुर्द में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्वयं सहायता समूह की ओर से निर्मित स्कूल यूनिफार्म नि:शुल्क वितरित की गई। इस मौके पर भाजपा नेता चौधरी ईशम सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक बच्चा पढे और आगे बढ़े।
शुक्रवार को विकासखंड की ग्राम पंचायत लाहक खुर्द में स्थित अंग्रेजी माध्यम प्राइमरी स्कूल में विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल यूनिफार्म वितरित की गयी।
इस मौके पर छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए ईशम सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो इसके लिए प्रदेश की योगी सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है।
जिसमें छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें, पठन-पाठन की सामग्री, स्कूल यूनिफार्म, जूते मौजे, दोपहर का भोजन आदि की सुविधाएं उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध करायी जा रही हैं।
उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि सभी को मिलकर गांव में जन जागरूकता अभियान चलाकर प्रयास करना चाहिए कि कोई भी बच्चा अनपढ़ न रहे। शत-प्रतिशत बच्चों का शिक्षा पाने के लिए विद्यालय में नामांकन हो। इसके लिए सभी को स्कूल के अध्यापक-अध्यापिकाओं का सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के दौर में भी अध्यापक-अध्यापिकाओं ने पूरे मनोयोग से शिक्षण कार्य कर स्वयं को असली कोरोना योद्धा साबित कर दिया है। इस अवसर पर नकुल प्रजापति, शिक्षिका सुजाता रानी, राकेश प्रजापति, शिक्षिका आरती शर्मा, शमशाद अहमद, राकेश सिंह, ममता देवी, लाहक खुर्द स्वयं सहायता समूह के सदस्य मौजूद रहे।

