नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल का ऐलान करते हुए छह आईएएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस फेरबदल के तहत प्रमुख सचिव, राजनीतिक पेंशन एवं नागरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही संयुक्ता समद्दार को अब अल्पसंख्यक कल्याण एवं मुस्लिम वक्फ विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह बदलाव अपर मुख्य सचिव मोनिका एस. गर्ग के सेवानिवृत्त होने के बाद किया गया है। मोनिका गर्ग 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो रही हैं, और उनके पद की जिम्मेदारी अब संयुक्ता समद्दार को दी गई है।
देवेंद्र सिंह कुशवाहा बने आबकारी विभाग के विशेष सचिव
इसके अलावा अन्य आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। दिव्य प्रकाश गिरी को आबकारी विभाग से हटाकर नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। देवेंद्र सिंह कुशवाहा को चिकित्सा शिक्षा विभाग से स्थानांतरित कर आबकारी विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है।
रजनीश चंद्र को ग्राम्य विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर भेजा
रजनीश चंद्र को समाज कल्याण से स्थानांतरित कर ग्राम्य विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर भेजा गया है, जबकि राजेंद्र सिंह अब ग्राम्य विकास से स्थानांतरित होकर समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं लंबे समय से प्रतीक्षारत चल रहीं अधिकारी अधिकारी पूजा यादव को उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की सचिव नियुक्त किया गया है।

