जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,679 आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन आज से शुरू हो गया है। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रदेशभर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल हो रहे सभी उम्मीदवार पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें। उन्होंने कहा कि सरकार ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं और अभ्यर्थियों की मेहनत अवश्य सफल होगी।
अभ्यर्थियों को बस किराये में 50 प्रतिशत छूट
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। निगम के अनुसार, वैध प्रवेश पत्र दिखाने पर अभ्यर्थियों को निगम की सभी बस सेवाओं में किराये पर 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और महत्वपूर्ण मार्गों पर विशेष बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि उन्हें सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। स्थानीय पुलिस और एसटीएफ की टीमें संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी और आवश्यक कार्रवाई करेंगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर जूते पहनकर न आएं और चप्पल पहनकर पहुंचें, जिससे सुरक्षा जांच में आसानी हो सके।
परीक्षा केंद्र में ले जाने योग्य दस्तावेज और सामान
उम्मीदवारों को निम्नलिखित वस्तुएं साथ ले जाने की अनुमति होगी—
- आधार कार्ड
- वोटर आईडी कार्ड
- पैन कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- पासपोर्ट
- पासपोर्ट साइज फोटो
- पारदर्शी बॉल प्वाइंट पेन
- पारदर्शी पानी की बोतल
इनमें से किसी एक वैध पहचान पत्र का साथ होना अनिवार्य है।
इन वस्तुओं पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई वस्तुओं को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इनमें शामिल हैं—
- मोबाइल फोन
- स्मार्ट वॉच
- ब्लूटूथ डिवाइस
- ईयरफोन और हेडफोन
- कैलकुलेटर
- डिजिटल घड़ी
- पेन ड्राइव
- अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
- बैग एवं मूल्यवान सामान
- आभूषण और धातु से बनी वस्तुएं
- अध्ययन सामग्री ले जाना वर्जित
उम्मीदवार किसी भी प्रकार की पुस्तक, नोट्स, गाइड, चार्ट या अन्य अध्ययन सामग्री परीक्षा कक्ष के अंदर नहीं ले जा सकेंगे। यदि किसी अभ्यर्थी के पास कोई प्रतिबंधित वस्तु या सामग्री पाई जाती है, तो भर्ती बोर्ड के नियमों के तहत उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचकर शांतिपूर्वक परीक्षा दें।

