- त्यौहारों में कोरोना जांच से प्रभावित हो रहा व्यापार
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: त्यौहारों के सीजन में बाजार में कोरोना जांच करने पहुंची टीम का व्यापारियों ने विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि कोरोना जांच से व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम शहर के भिक्की मोड व धीमानपुरा में व्यापारियों की दुकानों पर कोरोना जांच कराने पहुंची थी। जहां कुछ व्यापारियों ने तो कोरोना टेस्ट कराया, लेकिन कुछ ने टेस्टिंग का विरोध करते हुए सैंपल देने से इंकार कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि व्यापारी कोरोना काल में पहले ही मंदी की मार झेल रहा है।
ऐसे में दीपावली पर्व पर उनको व्यापार बेहतर होने की उम्मीद है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की टीम बाजारों में दुकानों पर जांच करने पहुंच रही है जिससे ग्राहकों के साथ व्यापारियों में कोरोना का भय व्याप्त है। व्यापारियों ने विरोध करते हुए हंगामा किया तो भिक्की मोड पर तैनात पुलिसकर्मी पहुंच गए और समझाकर शांत किया। व्यापारियों ने दीपावली के बाद कोरोना जांच कराने की मांग की है। वहीं भाजपा नेता निशीकांत संगल ने सीएमओ से वार्ता कर जांच करने पहुंची टीम को वापस लौटा दिया।
उधर, दीपावली पर्व को लेकर बाजारों में ग्राहकों की भीड उमड़ रही है। जिसको देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने बाजारों में रेंडम सैम्पल लेकर जांच करने को टीमें भेजी है। मंगलवार को डा़ रीतिनाथ शुक्ला अपनी टीम को लेकर शहर के गांधी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने व्यापारियों की कोरोना जांच की। कुछ व्यापारियों ने कोरोना जांच कराने से इंकार किया तो उन्होंने समझाते हुए टीम का सहयोग करने और बिना डरे अपनी जांच कराने के लिए प्रेरित किया।

