- हंगामे की सूचना पर पहुंचे पूर्ति अधिकारी ने गाड़ी कब्जे में ली
- राशन को दूसरे राशन डीलर की सुपुर्दगी में सौंपकर रिपोर्ट तैयार की
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: कांधला थाना क्षेत्र के गांव सल्फा निवासी रामकुमार के नाम पर राशन की दुकान आवंटित है। रविवार की सुबह को राशन डीलर के घर से एक गाड़ी में अनाज और चावल भरकर गाड़ी चालक व राशन डीलर का भतीजा रामपाल रवाना हुए। जैसे ही चालक गाड़ी को लेकर राशन डीलर के घर से बाहर निकाला तो ग्रामीणों ने गाड़ी को घेर लिया और मौके पर ही पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने राशन से भरी गाड़ी पकड़ने पर दोनों पक्षों में तनाव व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने राशन डीलर और उसके भतीजे पर गरीब लोगों के निवाले पर डाका डालने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पूर्ति निरीक्षक को देने के साथ ही स्थानीय पुलिस को भी मामले की सूचना दी। सूचना पर पूर्ति निरीक्षक और पुलिस गांव में पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस और पूर्ति निरीक्षक के सामने ही राशन डीलर पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों के हंगामा करने पर पूर्ति निरीक्षक और पुलिस गाड़ी को लेकर खंद्रावली पुलिस चौकी आ गए। पूर्ति निरीक्षक मदनपाल ने गाड़ी चालक सादिक निवासी गांव बराला के बयान दर्ज किए। पूर्ति निरीक्षक ने चालक के बयान दर्ज करने के बाद गाड़ी में भरे अनाज और चावल को पास के ही गांव मीमला निवासी राशन डीलर गयूर की सुपुर्दगी में दे दिया और गाड़ी को लेकर थाने ले आए। पूर्ति निरीक्षक मदन पाल का कहना है कि ग्रामीणों ने राशन से भरी एक गाड़ी को पकड़ा है। गाड़ी में 44 कट्ठे अनाज और चावल के मिले हैं। पकड़े गए अनाज और चावल को एक राशन डीलर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। मामले की जांच कर राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

