जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा आज सातवें दिन कटिहार जिले में पहुंची। सुबह 8 बजे यह यात्रा कुर्सेला चौक से आरंभ हुई और समेली, डूमर, गेड़ाबारी होते हुए कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के सिमरिया तक पहुंची, जहाँ एक घंटे का विश्राम और लंच ब्रेक रखा गया।
राहुल गांधी ने मखाना मजदूरों से की बातचीत
इस दौरान राहुल गांधी ने सिमरिया पुल के पास मखाना के खेतों में पहुंचकर मजदूरों से सीधे संवाद किया। वे खेतों में भरे पानी में उतरकर मजदूरों से मिले, हाथ मिलाया, हालचाल जाना और उनकी समस्याएं सुनकर समाधान का भरोसा दिलाया। खास तौर पर दरभंगा से आए मखाना फोरी मजदूरों ने अपने अनुभव साझा किए।
राहुल गांधी ने कुछ समय के लिए विश्राम किया
इसके बाद यात्रा खेरिया पहुंची जहां राहुल गांधी ने कुछ समय के लिए विश्राम किया। कार्यक्रम के अनुसार, शाम 4 बजे कारगिल चौक से यात्रा दोबारा शुरू हुई जो अंबेडकर चौक, मोंगरा फाटक चौक, डंडखोरा और सौनैली मार्ग से होते हुए कदवा कुम्हरी पहुँचेगी।
शाम को राहुल गांधी करेंगे जनसभा को संबोधित
शाम 7:30 बजे राहुल गांधी एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें वे आगामी चुनावों को लेकर जनता से संवाद करेंगे। इसके बाद पूरी टीम पूर्णिया जिले की ओर प्रस्थान करेगी। वोटर अधिकार यात्रा का यह चरण सामाजिक मुद्दों, ग्रामीण मजदूरों की स्थिति और मतदाता जागरूकता पर केंद्रित रहा।

