- बामनौली गांव के हरिजन समाज के लोगों ने लगाया दबंगों पर कब्जा करने का आरोप, एडीएम को सौंपा ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: बामनौली गांव के हरिजन समाज के लोगों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए दबंगों पर उनके पट्टों पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर पटÞ्टों से कब्जा न हटने पर भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी है।
कलक्ट्रेट पर पहुंचे हरिजन समाज के लोगों ने बताया कि उनको पट्टे की जमीन आवंटित की गयी थी और वह जमीन पर खेती करके अपने परिवार का पालन पोषण करते है। चकबंदी अधिकारी भी दबंगों से मिले हुए है, जिससे उनकी जमीन को हडपने का कार्य हो रहा है। वर्ष 2016 में भी चकबंदी विभाग ने उनको जमीन से हटाने का प्रयास किया था, लेकिन काफी प्रयास के बाद उनको पट्टे की जमीन दी गयी। उसके बाद वर्ष 2021 में भी चकबंदी विभाग ने पट्टे की जमीन देने में खेल कर दिया है। जब वह विरोध करते है तो उनको जान से मारने की धमकी दी जा रही है, जिससे वह काफी परेशान है। उन्होंने कहा कि वह कई बार शिकायत कर चुके है।
लेकिन आज तक भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया है, जिससे काफी दिक्कत हो रही है। उन्होंने एडीएम को ज्ञापन सौंपकर पट्टे की जमीन से कब्जा हटाने व दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही ऐसा नहीं होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी। इस मौके पर ओंकार, सहदेव, पल्लोराम, सहेन्द्रपाल, प्रहलाद, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।

