नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बीती रात यानि बुधवार करीब 11:30 बजे देश के जाने माने उद्योगपति और टाटा संस के आजीवन चेयरमैन एमिरेट्स रतन टाटा का निधन हो गया है। उन्होंने 86 वर्ष की आयु में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वहीं, राजनीति क्षेत्र सहित बॉलीवुड, स्पोर्ट्स, उद्योग आदि क्षेत्रों से लोगों ने शोक व्यक्त किया है। तो चलिए जानते हैं किन किन हस्तियों ने दी श्रदांजलि..
पीएम मोदी ने रतन टाटा के लिखी ये बात
पीएम मोदी ने रतन टाटा को दूरदर्शी कारोबारी नेता, एक दयालु आत्मा और एक असाधारण इंसान थे। बकौल पीएम मोदी, रतन टाटा ने भारत के सबसे पुराने और सबसे प्रतिष्ठित व्यापारिक घरानों में से एक को स्थिर नेतृत्व प्रदान किया। साथ ही, उनका योगदान बोर्डरूम से कहीं आगे तक गया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टाटा को भारत के उद्योग जगत का स्तंभ बताते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में इनका योगदान अभूतपूर्व है।
क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने जताया शोक
क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी रतन टाटा के निधन पर शोक जताया। उन्होंने टाटा के भारत का असली रत्न करार दिया। उन्होंने कहा कि आने वाली कई पीढ़ियों को इससे प्रेरणा मिलेगी।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा- भारत उन्हें बहुत याद करेगा
86 वर्षीय विभूति रतन टाटा के निधन पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा, भारतीय उद्योग जगत की एक महान हस्ती नहीं रही। उनका आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान भारत और उसके बाहर के उद्यमियों के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। गहरी प्रतिबद्धता और करुणा के धनी, उनके परोपकारी योगदान और उनकी विनम्रता उनके द्वारा अपनाए गए आदर्शों को सटीक रूप से दर्शाती है।
भारतीय उद्योग जगत के ‘दिग्गज’ के रूप में एक स्थायी विरासत छोड़कर जाने के कारण, भारत उन्हें बहुत याद करेगा। मैं इस दुख की घड़ी में उनके परिवार, मित्रों, प्रशंसकों और पूरे टाटा समूह के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।’
सीएम धामी ने कही ये बात
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ‘भारत के प्रसिद्ध उद्योगपति श्री रतन टाटा जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने देश की औद्योगिक प्रगति और सामाजिक विकास के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनका दृष्टिकोण, समर्पण और व्यावसायिक कुशलता न केवल टाटा समूह को नई ऊंचाइयों तक ले गई, बल्कि राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।
उन्होंने रोजगार सृजन, समाज के सशक्तिकरण और नवाचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।’
सीएम फडणवीस बोले देश के लिए ये बहुत बड़ा नुकसान
उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “रतन टाटा जी बहुत ही सफल उद्योगपति तो थे ही लेकिन उससे भी बड़े व्यक्ति के रूप में हम उन्हें देखते हैं। उन्होंने देश और समाज के लिए काम किया है। उन्होंने केवल सफल उद्योग नहीं बल्कि एक ऐसा ब्रांड खड़ा किया जिसने हमारे देश को एक वैश्विक पहचान दी… देश के लिए ये बहुत बड़ा नुकसान है।”
भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने क्या कहा?
रतन टाटा के निधन पर भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा, ‘रतन टाटा जी से मेरा आखिरी संवाद इस साल फरवरी में हुआ था जब मुझे भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर बधाई देते हुए उनका गर्मजोशी भरा पत्र मिला था। उनकी गर्मजोशी, उदारता और दयालुता हमेशा बहुत प्यारी रही है।’
पूर्व पीएम मनमोहन सिहं ने कही ये बात
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वह सत्ता में बैठे लोगों के सामने सच बोलने का साहस रखते थे। सिंह ने टाटा समूह के प्रमुख एन चंद्रशेखरन को पत्र लिखकर संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा, ‘भारतीय उद्योग जगत के दिग्गज रतन टाटा के निधन से गहरा दुख हुआ। वह कारोबार जगत के एक आदर्श व्यक्तित्व से कहीं अधिक थे।
उनकी दूरदर्शिता और मानवता उनके जीवन के दौरान स्थापित और पोषित कई परमार्थ कार्यों में दिखी। उनमें सत्ता में बैठे लोगों से सच बोलने का साहस था। मेरे पास कई मौकों पर उनके साथ बहुत करीब से काम करने की सुखद यादें हैं। मैं इस दुखद घड़ी में अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।’

