जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना जनकपुरी क्षेत्र के चकहरेटी, जनता रोड स्थित एक सुनार की दुकान पर महिला द्वारा दो अलग-अलग दिनों में चोरी की घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि महिला दोनों बार दुकान से सोने की अंगूठी चोरी कर फरार हो गई।चकहरेटी, जनता रोड स्थित शिवाक्षी ज्वैलर्स के मालिक मोहित वर्मा और विनित राय जैन ने बताया कि चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
आरोप है कि घटना की तहरीर जनकपुरी थाने की टीपी नगर चौकी में दिए जाने के बावजूद अभी तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी महिला की जल्द गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, थाना प्रभारी निरीक्षक नेम चंद सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

