जनवाणी ब्यूरो |
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों में बादलों की आंख-मिचौनी जारी है। रविवार रात को दून में हवा के साथ हल्की बारिश ने ठंड में इजाफा कर दिया। केदारनाथ में जमकर बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात भी हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो गया है। इससे मैदानी इलाकों पर 16 नवंबर को सीधा प्रभाव पड़ने की संभावना है। जिससे उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड में भी इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसम बदला रहेगा।
चक्रवाती प्रवाह भी उत्तरप्रदेश से आगे बढ़ चुका है। इससे मैदानी इलाकों में भी ठंड में इजाफा होने लगा है। मैदानी इलाकों में अधिकांशत: आसमान साफ रहेगा और सुबह के समय कोहरे का प्रभाव बढ़ सकता है। हरिद्वार, रुड़की और ऊधमसिंह नगर में घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है।
ऋषिकेश के आसपास क्षेत्र में रविवार की रात से बूंदाबांदी शुरू हुई थी जो पूरी रात जारी रही। सुबह बूंदाबांदी तेज हो गई है। क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति भी ठप है। बारिश के कारण सर्दी भी बढ़ गई है। बारिश के कारण आमजन की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
डोईवाला के आसपास क्षेत्र में बीती रात्रि से रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है। बारिश के चलते ठंड का प्रकोप एकाएक बढ़ गया है। बारिश व मौसम की खराबी के चलते मुख्य मार्ग पर आवागमन भी कम दिखाई दे रहा है। बीती रात्रि बारिश व हवा से ठप्प पड़ी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था डोईवाला इलाके में बहाल हो चुकी है।
हरिद्वार जिले में रात भर थम-थम कर बारिश होती रहेगी। रविवार की देर शाम से ही मौसम अचानक बदल गया। कुछ देर हवा चली और फिर आसमान में बिजली गरजने के साथ ही बारिश शुरु हो गई। पूरी रात थम-थम कर बारिश हुई। जिससे कि ठंड भी बढ़ गई। इस बारिश से हरिद्वार जिले के घाड़ क्षेत्र को काफी फायदा हुआ है।
इस क्षेत्र में रबी की फसल की बुवाई काफी दिनों पहले हो चुकी है। इसीलिए वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश घाड़ क्षेत्र के किसानों के लिए एक तरह से वरदान हैं। फसलों को काफी लाभ पहुंचेगा। धनौरी, बुग्गावाला भगवानपुर, हरिद्वार व लाल ढांग क्षेत्र के किसान रात की बारिश से काफी खुश है।

